Skip to main content
Source
ETV Bharat
Author
ETV Bharat Hindi Team
Date
City
New Delhi

भाजपा के बाद सबसे अधिक कमाई कांग्रेस की है. अन्य पार्टियों की कमाई के बारे में पढ़ें खबर.

सत्तारूढ़ भाजपा ने वित्त वर्ष 2024-25 में सबसे अधिक 6769.14 करोड़ रुपये की आय घोषित की जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही जिसने लगभग 918.28 करोड़ रुपये की आय घोषित की. ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.

निर्वाचन आयोग को राजनीतिक दलों द्वारा की गई घोषणाओं का विश्लेषण करने वाली रिपोर्ट के अनुसार, छह राष्ट्रीय दलों (भाजपा, कांग्रेस, माकपा, आम आदमी पार्टी, बसपा और एनपीपी) ने 2024-25 में कुल 7960.09 करोड़ रुपये की आय घोषित की और इसमें भाजपा की हिस्सेदारी 85.03 प्रतिशत थी.

भाजपा ने अपनी आय का करीब 55.76 फीसदी यानी 3774.58 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि कांग्रेस ने करीब 1111.94 करोड़ रुपये खर्च किए, जो उसकी कुल आय से 21.09 फीसदी (193.66 करोड़ रुपये) ज्यादा है.

भाजपा को अपनी कुल आय का 90.48 प्रतिशत हिस्सा चंदे से प्राप्त हुआ, जो कि 6124.85 करोड़ रुपये था. वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) को 99.85 प्रतिशत (39.22 करोड़ रुपये) और राष्ट्रीय एवं आर्थिक चंदे/योगदान से सबसे अधिक आय प्राप्त करने वाली राष्ट्रीय पार्टियों में भाजपा (6124.85 करोड़ रुपये), कांग्रेस (522.13 करोड़ रुपये), सीपीआई (एम) (84.17 करोड़ रुपये), आप (39.22 करोड़ रुपये) और एनपीईपी (2.14 करोड़ रुपये) शामिल हैं.

कांग्रेस द्वारा घोषित कूपन जारी करने से प्राप्त 350.12 करोड़ रुपये, वर्ष 2024-25 के दौरान उसकी कुल आय का 38.12 प्रतिशत था.रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय दलों के लिए व्यय की सबसे आम और प्रचलित मदें चुनाव व्यय और प्रशासनिक/सामान्य व्यय हैं.

भाजपा ने चुनाव/सामान्य प्रचार पर 3335.36 करोड़ रुपये खर्च किए, इसके बाद प्रशासनिक लागत पर 323.05 करोड़ रुपये खर्च किए गए.कांग्रेस ने चुनाव व्यय पर 896.22 करोड़ रुपये खर्च किए, इसके बाद प्रशासनिक और सामान्य व्यय पर लगभग 159.68 करोड़ रुपये खर्च किए गए.

सीपीआई (एम) ने प्रशासनिक और सामान्य व्यय पर 78.11 करोड़ रुपये खर्च किए, इसके बाद कर्मचारी लागत पर 51.03 करोड़ रुपये खर्च किए गए. सीपीएम ने वर्ष 2024-25 के दौरान 172.60 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की, जबकि उसका कुल व्यय 173.86 करोड़ रुपये था, जो उसकी आय से 1.26 करोड़ रुपये (0.73 प्रतिशत) कम था.

बसपा की कुल आय 58.58 करोड़ रुपये थी, जबकि साल का खर्च 106.30 करोड़ रुपये था. उस वर्ष पार्टी का खर्च उसकी कुल आय से 47.71 करोड़ रुपये (81.45 प्रतिशत) अधिक हो गया.

आप ने कुल आय 39.28 करोड़ रुपये और कुल खर्च 36.46 करोड़ रुपये बताया, यानी पार्टी ने अपनी कुल आय का 92.83 प्रतिशत खर्च किया. नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने कुल आय 2.18 करोड़ रुपये और कुल व्यय 1.19 करोड़ रुपये घोषित किया, जो दर्शाता है कि पार्टी ने अपनी कुल आय का 54.72 प्रतिशत खर्च किया.
 


abc