Rajya Sabha MP report: देश के नीति-निर्धारण में अहम भूमिका निभाने वाले राज्यसभा के 'माननीय सांसदों' को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) के 226 मौजूदा सांसदों के हलफनामों के विश्लेषण से पता चला है कि इनमें से करीब 31 फीसदी सांसदों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं 14 फीसदी सांसद अरबपति हैं। सांसदों की औसतन संपत्ति 115.25 करोड़ रुपये है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के आंकड़ों पर आधारित एक रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है। राज्यसभा के 226 मौजूदा सांसदों के रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि राजनीति में धनबल और बाहुबल का प्रभाव अभी भी मजबूती से कायम है।
36 सांसदों पर बेहद गंभीर मामले
ADR के विश्लेषण के मुताबिक, 226 में से 69 (31%) सांसदों ने खुद पर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इनमें से 36 (16%) सांसदों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 1 सांसद पर हत्या (IPC धारा 302) और 4 सांसदों पर हत्या के प्रयास (IPC धारा 307) का मामला दर्ज है। 4 माननीय ऐसे भी हैं जिन पर महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पार्टीवार 'दागी' सांसदों की स्थिति
पार्टीवार यदि दागी सांसदों की स्थिति देखें तो भाजपा के 107 में से 28 (26%) सांसदों पर आपराधिक और 14 (13%) पर गंभीर मामले हैं। कांग्रेस के 29 में से 12 (41%) सांसदों पर आपराधिक और 8 (28%) पर गंभीर मामले हैं। बीआरएस (BRS) के 3 में से 3 (100%) और सीपीआई-एम (CPI-M) के 3 में से 3 (100%) सांसदों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। टीएमसी के 22%, डीएमके के 25% और सपा (SP) के 50% सांसद दागी हैं।

राज्यों में तेलंगाना टॉप पर : आपराधिक मामलों वाले सांसदों में तेलंगाना सबसे आगे है, जहां के 7 में से 5 (71%) सांसदों पर केस दर्ज हैं। इसके बाद दिल्ली (67%) और महाराष्ट्र (53%) का नंबर आता है। बिहार के भी 44% राज्यसभा सांसद दागी हैं।
26,047 करोड़ के मालिक हैं राज्यसभा सांसद
रिपोर्ट के अनुसार, राज्यसभा के सभी 226 सांसदों की कुल संपत्ति 26,047 करोड़ रुपए है। सदन में औसतन हर सांसद के पास 115.25 करोड़ रुपए की संपत्ति है। कुल सांसदों में से 31 (14%) सांसद अरबपति (Billionaires) हैं, जिनके पास 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। बीआरएस के सांसदों की औसत संपत्ति सबसे ज्यादा 1,841.39 करोड़ रुपए है। पार्टी के कुल 3 सांसदों की कुल संपत्ति 5,524 करोड़ रुपए है। समाजवादी पार्टी के सांसदों की औसत संपत्ति 399.71 करोड़ रुपए है। कांग्रेस के 29 सांसदों की औसत संपत्ति 130.37 करोड़ रुपए (कुल संपत्ति: 3,781 करोड़)। वहीं, सत्तारूढ़ बीजेपी के 107 सांसदों की औसत संपत्ति 76.46 करोड़ रुपए है। हालांकि, संख्या अधिक होने के कारण बीजेपी सांसदों की कुल संपत्ति सबसे ज्यादा (8,181 करोड़ रुपए है।
बंदी पार्थसारथी सबसे अमीर
तेलंगाना के बीआरएस सांसद बंदी पार्थसारथी सबसे अमीर हैं। उनकी कुल संपत्ति 5300 करोड़ से ज्यादा है, जबकि पंजाब से भाजपा सांसद राजेन्द्र गुप्ता की संपत्ति 5053 करोड़ रुपए से ज्यादा है। इस सूची में तीसरे नंबर पर कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी हैं, जिनकी संपत्ति 2558 करोड़ रुपए से ज्यादा है। ऐसा नहीं है कि राज्यसभा के सभी सांसद अरबपति और करोड़पति हैं। पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद संत बलवीर सिंह की कुल संपत्ति करीब 3.5 लाख है। वहीं, मध्य प्रदेश से भाजपा सांसद सुमित्रा बाल्मीक की संपत्ति 17 लाख 85 हजार रुपए है।
अमीर सांसदों वाले राज्य
तेलंगाना के 57% (7 में से 4) सांसद अरबपति हैं और इस राज्य के सांसदों की कुल संपत्ति सबसे ज्यादा 8,310 करोड़ रुपए है। आंध्र प्रदेश के 45% सांसद अरबपति सूची में शामिल हैं। पंजाब के सांसदों की कुल संपत्ति 5,729 करोड़ रुपए है। यह रिपोर्ट साफ करती है कि राजनीतिक दलों में टिकट वितरण के दौरान आज भी उम्मीदवारों की 'जीतने की क्षमता' के नाम पर उनके क्रिमिनल रिकॉर्ड और भारी-भरकम संपत्ति को नजरअंदाज किया जा रहा है, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए एक गंभीर विचारणीय विषय है।
