Skip to main content
Source
दिप्रिंट
Author
धीरज माधव
Date
City
Srinagar

जम्मू-कश्मीर की नव निर्वाचित विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 29 वर्षीय शगुन परिहार सबसे युवा सदस्य होंगी जबकि नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के 80 वर्षीय अब्दुल रहीम राथर सबसे बुजुर्ग सदस्य होंगे। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) के आंकड़ों के मुताबिक परिहार ने 2018 में हुए एक आतंकवादी हमले में अपने पिता और चाचा को खो दिया था और नयी विधानसभा में एकमात्र सदस्य होंगी जिनकी उम्र 30 साल से कम है। दूसरी ओर चरार-ए-शरीफ से सातवीं बार विधायक चुने गए 80 वर्षीय राथर सबसे बुजुर्ग होंगे। एडीआर के आंकड़ों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में विधायकों की औसत आयु 55.71 वर्ष है। इनमें 32 विधायकों की उम्र 51 से 60 वर्ष के बीच है। नवनिर्वाचित जम्मू-कश्मीर विधानसभा में 10 सबसे युवा विधायकों में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के पुलवामा से जीते वाहिद पारा, डोडा से आम आदमी पार्टी के मेहराज मलिक, कंगन से नेका के मेहर अली, बनी से निर्दलीय रामेश्वर सिंह और रामनगर से भाजपा के सुनील भारद्वाज शामिल हैं। कांग्रेस के बांदीपोरा से चुने गए 77 वर्षीय निजामुद्दीन भट दूसरे सबसे बुजुर्ग सदस्य हैं। उम्रदराज के लिहाज से सदन में तीसरे सथान पर कुलगाम से विजयी हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मोहम्मद युसूफ तारिगामी हैं जिनकी उम्र 75 साल है। एडीआर के आंकड़ों के मुताबिक 23 नवनिर्वाचित सदस्यों की उम्र 41 साल से 50 साल के बीच है जबकि 22 सदस्य ऐसे हैं जिनकी उम्र 61 से 70 साल के बीच है जबकि जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ से पहली बार चुनी गईं परिहार सहित छह सदस्य ऐसे हैं जिनकी उम्र 40 साल से कम है। चुनाव अधिकार निकाय ने यह भी पाया कि सदन में लैंगिक आधार पर संरचना में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 2018 में भंग की गई पिछली विधानसभा में भी केवल तीन महिला सदस्य थीं और इस बार भी इतनी ही संख्या में महिलाएं चुनकर आई हैं। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए 2014 में हुए चुनाव में नेकां की शमीमा फिरदौस और पीडीपी की आसिया नक्श निर्वाचित हुई थीं जबकि 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद हुए उप चुनाव में महबूबा जीत कर सदन पहुंची थीं। शमीमा फिरदौस दोबारा हब्बाकदल सीट से निर्वाचित हुई हैं जबकि 2014 के चुनाव में डीएच पोरा सीट से हारीं सकीना मसूद इस बार सदन पहुंचने में सफल रही हैं। तीसरी महिला सदस्य परिहार हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को घोषित चुनाव परिणामों में विपक्षी ‘इंडिया’गुट के घटक नेकां और कांग्रेस के गठबंधन ने 90 सीट में से 48 पर जीत दर्ज की। भाजपा 29 सीट के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। उसने 2014 के चुनाव में अपनी सर्वकालिक उच्चतम 25 सीट की संख्या में सुधार किया है।


abc