Skip to main content
Source
Navodaya Times
Date
City
New Delhi

राजनीतिक दलों की आय को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच ताजा खुलासा हुआ है कि वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान राष्ट्रीय दलों को अज्ञात स्रोतों से 3,377.41 करोड़ रुपये मिले जो उनकी कुल आय का 70.98 प्रतिशत हिस्सा है। इस आय में चुनावी बांड से मिली रकम भी शामिल है। इसमें 20 हजार रुपये से कम चंदा देने वालों का जिक्र नहीं है।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा ने अज्ञात स्रोतों से 2,642.63 करोड़ रूपये की आय की घोषणा की जो कांग्रेस, राकांपा, भाकपा, माकपा , तृणमूल कांग्रेस और बसपा समेत विविध दलों के बीच सबसे अधिक राशि है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान भाजपा ने अज्ञात स्रोत से 2,642.63 करोड़ रूपये की आय प्राप्त होने की घोषणा की जो अज्ञात स्रोतों से राष्ट्रीय दलों की कुल आय का 78.24 प्रतिशत हिस्सा है। कांग्रेस ने अज्ञात स्रोत से 526 करोड़ रूपये मिलने की घोषणा की है जो राष्ट्रीय दलों की कुल आय का 15.57 प्रतिशत हिस्सा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय दलों को वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान अज्ञात स्रोतों से 3,377.41 करोड़ रूपये प्राप्त हुए जो उनकी कुल आय का 70.98 प्रतिशत है। 

2,993.82 करोड़ रुपये चुनावी बांड के

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक अज्ञात स्रोतों से प्राप्त 3,377.41 करोड़ रूपये में सें चुनावी बांडों से प्राप्त आय 2,993.826 करोड़ रूपये है, जो 88.643 प्रतिशत बनता है। 2004-05 और 2019-20 के बीच में राष्ट्रीय दलों ने अज्ञात स्रोतों से कुल 14,651.53 करोड़ रूपये हासिल किए हैं। दान रिपोर्ट के अनुसार इसमें 20 हजार रूपये से अधिक के दान का ही ब्योरा है। 2019-20 में राष्ट्रीय दलों को 3.18 करोड़ रूपये नकदी के रूप में भी मिले हैं। 

कांग्रेस-रांकापा ने कूपन बेच कर भी जुटाया धन

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार 2004-05 और 2019-20 के बीच में कांगेस और राकांपा को कूपनों की बिक्री से कुल मिलाकर 4,096.725 करोड़ रूपये की आय प्राप्त हुई। अज्ञात स्रोत ऐसी आय है जिसकी घोषणा आयकर रिटर्न में की तो जाती है लेकिन 20,000 से कम के चंदे का ब्यारा नहीं होता है। ऐसे अज्ञात स्रोतों में चुनावी बांडों से चंदे, कूपनों की बिक्री, राहत कोष, विविध आय, स्वैच्छिक दान तथा बैठकों/मोर्चों से चंदा आदि शामिल हैं। स्वैच्छिक दान वाले ऐसे दानकर्ताओं का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया जाता है।