Source: 
Author: 
Date: 
24.04.2019
City: 

पटना । लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए भी नामांकन हो चुके हैं। अबतक की स्थिति के अनुसार घोषित संपत्ति के मामले में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी दूसरी सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। 62 करोड़ 16 लाख 43 हजार 689 रुपये की चल-अचल संपत्ति की मालकिन नीलम कांग्रेस के टिकट पर मुंगेर संसदीय क्षेत्र से भाग्य आजमा रही हैं। मुंगेर में चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है। दूसरे चरण में पूर्णिया से चुनाव लड़ चुके कांग्रेस के ही उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह अब तक के सबसे धनवान प्रत्याशी रहे हैं। उदय 341 करोड़ 86 लाख 43 हजार 970 रुपए के स्वामी हैं।

चौथे चरण में भाजपा, कांग्रेस, राजद, जदयू, लोजपा जैसे प्रमुख दलों के साथ ही जेपी जनता दल, रालोसपा एवं बिहार लोक निर्माण दल के शत-प्रतिशत प्रत्याशी करोड़पति हैं। इस चरण के शीर्ष तीन करोड़पतियों में नीलम देवी के बाद उजियारपुर से चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और बिहार लोक निर्माण दल के राज किशोर चौहान हैं। नित्यानंद के पास 18 करोड़ 70 लाख सात हजार 570 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। राज किशोर 10 करोड़ 48 लाख 89 हजार 810 रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। प्रत्याशियों के शपथपत्र के विश्लेषण के बाद जारी बिहार इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉ‌र्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट में ये आंकड़े दर्ज हैं।

शपथपत्र के अनुसार नीलम देवी के नाम से इनोवा क्रिस्टा और फॉ‌र्च्यूनर वाहन हैं, जबकि अनंत सिंह के पास स्कॉर्पियो है। नीलम देवी ज्वेलरी की शौकीन हैं। उनके पास 18 लाख 53 हजार रुपये मूल्य के आभूषण हैं। वहीं अनंत सिंह के पास तीन लाख 95 हजार के। खेत- खलिहान के अलावा पाटलिपुत्र, बंदर बगीचा, बेढ़ना, बिरला मंदिर रोड, बोरिग कैनाल रोड सहित कई भूखंड और पाटलिपुत्र, बंदर बगीचा, कृष्णा नगर एवं फ्रेजर रोड में व्यावसायिक कांप्लेक्स का स्वामित्व नीलम देवी दंपती के नाम हैं।

चौथे चरण में बिहार के बेगूसराय, दरभंगा, मुंगेर, समस्तीपुर और उजियारपुर संसदीय क्षेत्र में चुनाव होना है। 66 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 13 करोड़पति हैं। शीर्ष तीन करोड़पतियों के अलावा बेगूसराय के भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह आठ करोड़ 30 लाख 24 हजार 577 रुपये और राजद के मो. तनवीर हसन एक करोड़ 54 लाख 83 हजार 136 रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। मुंगेर के जदयू प्रत्याशी राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के पास आठ करोड़ 83 लाख 24 हजार 866 रुपये और निर्दलीय प्रत्याशी अमरजीत पटेल के पास एक करोड़ 25 लाख 45 हजार 972 रुपये की संपत्ति है। उजियारपुर के रालोसपा प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा दो करोड़ 44 लाख 41 हजार 520 रुपये और जेपी जनता दल प्रत्याशी कुमार गौरव आठ करोड़ पांच लाख पचास हजार रुपये की संपत्ति के स्वामी हैं। दरभंगा के भाजपा प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर एक करोड़ 93 लाख एक हजार 808 रुपये और राजद प्रत्याशी अब्दुल बारी सिद्दीकी दो करोड़ 11 लाख 27 हजार 716 रुपए की संपत्ति रखते हैं। रामविलास पासवान के भाई समस्तीपुर के लोजपा प्रत्याशी रामचंद्र पासवान एक करोड़ 73 लाख 75 हजार 975 रुपये की संपत्ति और कांग्रेस प्रत्याशी अशोक कुमार दो करोड़ तीन लाख 96 हजार 690 रुपये की चल-अचल संपत्ति का मालिकाना हक रखते हैं।

चारों चरणों के शीर्ष ग्यारह करोड़पतियों में उदय सिंह व नीलम देवी के बाद भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय, लोजपा के नवादा प्रत्याशी चंदन सिंह, बांका के जेएमएम प्रत्याशी राज किशोर प्रसाद, औरंगाबाद के भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह, औरंगाबाद के ही स्वराज पार्टी लोकतांत्रिक के सोम प्रकाश, खगड़िया के वीआइपी पार्टी के मुकेश सहनी, सुपौल की रंजीत रंजन, मधेपुरा के जाप लोकतांत्रिक प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, कटिहार के कांग्रेस प्रत्याशी तारिक अनवर और उजियारपुर के बिहार लोक निर्माण दल प्रत्याशी राज कुमार चौहान शामिल हैं।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method