Skip to main content
Source
हिन्दुस्तान
https://www.livehindustan.com/uttar-pradesh/story-adr-report-66-mlcs-are-crorepati-and-cases-filed-against-26-mlc-of-up-legislative-council-6842755.html
Author
Shivendra Singh
Date
City
Lucknow

यूपी विधान परिषद में 26 एमएलसी पर मुकदमे हैं और इनमें से 66 सदस्य करोड़पति हैं। इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म ने यूपी के विधान परिषद सदस्यों की रिपोर्ट में ये तथ्य सामने आए हैं।

यूपी विधान परिषद में 81 में से 26 एमएलसी पर मुकदमे हैं और इनमें से 66 सदस्य करोड़पति हैं। इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) ने यूपी के विधान परिषद सदस्यों की रिपोर्ट में ये तथ्य सामने आए हैं। सदस्यों की औसत संपत्ति 11.72 करोड़ रुपये है। सबसे अमीर सदस्य 177 करोड़ की संपत्ति के साथ दिनेश कुमार गोयल हैं।

इलेक्शन वॉच के राज्य समन्वयक संजय सिंह ने बताया कि 15 सदस्य ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ से कम है। इनमें तीन ऐसे सदस्य हैं जिन्होंने 20 लाख से भी कम संपत्ति दर्शाई है। भाजपा के 66 में से 54, सपा के सात में से छह, अपना दल का एक और निर्दलीय में छह में से पांच सदस्य करोड़पति हैं। 32 फीसदी सदस्य ऐसे हैं जिन पर मुकदमे दर्ज हैं। तीन सदस्यों पर हत्या से संबंधित, चार पर हत्या का प्रयास से संबंधित मामले दर्ज हैं। इनमें से भाजपा के 22, सपा के तीन और एक निर्दल सदस्य पर आपराधिक मामला दर्ज है। इस समय परिषद में केवल 5 महिला सदस्य हैं। इस समय विधान परिषद की 100 में से दो सीटें रिक्त हैं। सात सदस्यों के शपथपत्र उपलब्ध नहीं है। वहीं 10 मनोनीत सदस्यों को शपथपत्र नहीं देना होता है।

टॉप 3 करोड़पति एमएलसी
दिनेश कुमार गोयल- 177 करोड़ रुपये
वंदना मुदित वर्मा- 103 करोड़ रुपये
सीपी चंद- 100 करोड़ रुपये

इनकी संपत्ति सबसे कम
अनूप गुप्ता- 6 लाख रुपये
ध्रुव कु. त्रिपाठी- 10 लाख रुपये
मो. दानिश- 15 लाख रुपये