Skip to main content
Date

प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार पर खर्च राशि के ब्योरे में मंत्रियों ने कुल व्यय का 74 फीसद पार्टी फंड से दर्शाया है। वहीं विधायकों ने 57 फीसद राशि पार्टी फंड से व्यय दर्शाई है। निर्वाचन आयोग को दिए चुनाव खर्च के ब्योरे में उम्मीदवारों द्वारा खर्च की राशि में भाजपा विधायकों ने कांग्रेस विधायकों की अपेक्षा 5.19 लाख रुपये अधिक खर्च किए। आयोग को दिए चुनाव खर्च में सबसे अधिक राशि व्यय करने वाले पहले तीन उम्मीदवारों में आनी से कांग्रेस के किशोरी लाल सबसे आगे हैं। उन्होंने अपना चुनाव खर्च 25.83 लाख यानी 92 फीसद दर्शाया है। दूसरे नंबर पर भाजपा के कसौली से मंत्री राजीव सैजल 24.58 लाख और तीसरे नंबर पर भाजपा के करसोग से विधायक हीरालाल हैं, जिन्होंने 22.95 लाख रुपये चुनावी प्रचार खर्च दर्शाया है। प्रचार में सबसे कम राशि दर्शाने वालों में रोहड़ू से कांग्रेस के विधायक मोहनलाल ब्राक्टा ने 3.88 लाख, कुसुम्टी से विधायक अनिरुद्ध ने 6.48 लाख और हमीरपुर से भाजपा विधायक नरेंद्र ठाकुर ने चुनाव प्रचार खर्च 7.10 लाख रुपये दर्शाया है। स्टार प्रचार व जनसभा पर भाजपा के चुने हुए 44 विधायकों ने औसतन 3.73 लाख रुपये व्यय किए, जबकि कांग्रेस के विधायकों ने औसतन 1.47 लाख रुपये व्यय किए। चुनाव में सबसे अधिक राशि प्रचार पर खर्च दर्शाई है। उनमें दस विधायकों में भाजपा के आठ, जबकि कांग्रेस से केवल एक पूर्व मंत्री धनिराम शांडिल हैं।

सबसे ज्यादा राशि दर्शाने वाले मंत्री(लाखों में)

राजीव सैजल 24.58

विपिन परमार 21.84

जयराम ठाकुर 19.68

सबसे कम राशि दर्शाने वाले

महेंद्र सिंह ठाकुर 8.53

वीरेंद्र कंवर 10.22

बिक्रम सिंह 13.74

इन विधायकों ने नहीं खर्चा पार्टी का एक पैसा

विस चुनाव में जीत दर्ज करने वाले 29 विधायक ऐसे हैं जिन्होंने चुनाव प्रचार पर व्यय राशि में राजनीतिक दल से एक भी पैसा नहीं दर्शाया है। इनमें भाजपा के 12 विधायक हीरालाल, सुभाष ठाकुर, परमजीत सिंह, किशन कपूर, बलवीर सिंह, रमेश चंद धवाला, मुलखराज, हंसराज, सरवीन, रामलाल मार्कंडेय, सुखराम, सुरेंद्र सिंह ठाकुर व जवाहर ठाकुर शामिल हैं।

वहीं कांग्रेस के 17 विधायकों में धनीराम शांडिल, सुखविंदर सिंह सुक्खू, सुंदर सिंह ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, राजेंद्र सिंह, लखविंद्र सिंह राणा, विक्रमादित्य सिंह, रामलाल ठाकुर, पवन काजल, नंदलाल, इंद्रदत्त लखनपाल, आशा कुमारी, सतपाल सिंह रायजादा, विनय कुमार, मुकेश अग्निहोत्री, अनिरुद्ध सिंह और मोहन लाल ब्राक्टा शामिल हैं।

By Jagran