Source: 
जनसत्ता
https://www.jansatta.com/national/assets-of-councilors-contesting-re-election-increased-by-4437-percent/2531525/
Author: 
जनसत्ता
Date: 
01.12.2022
City: 
New Delhi

दिल्ली नगर निगम चुनाव में दोबारा किस्मत आजमा रहे 84 में से 75 पार्षद ऐसे हैं जिनकी संपत्ति उनके कार्यकाल में तीन से 4,437 फीसद तक बढ़ी है।

यह जानकारी एसोसिएशन आफ डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) ने रिपोर्ट में दी है। एडीआर और दिल्ली इलेक्शन वाच ने निर्दलीय सहित दोबारा चुनाव लड़ रहे 84 पार्षदों द्वारा नामांकन के साथ दाखिल हलफनामा का विश्लेषण कर बताया कि वर्ष 2017 के निकाय चुनाव के दौरान उनकी औसत संपत्ति 2.93 करोड़ रुपए थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘नौ पार्षदों (11 फीसद) की संपत्ति में दो से 76 प्रतिशत तक की कमी आई है।’ 84 पार्षदों की वर्ष 2022 में औसत संपत्ति 4.37 करोड़ रुपए आंकी गई है और 2017 के चुनाव से अब तक उनकी संपत्ति में औसतन 1.44 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। इन पार्षदों की औसत संपत्ति में करीब 49 फीसद की वृद्धि हुई है। कांग्रेस के टिकट से वार्ड संख्या 96 राजौरी गार्डन से वर्ष 2017 के चुनाव में पार्षद बनीं एवं इस बार ‘आप’ से किस्मत आजमा रहीं ए प्रिया चंदेला की संपत्ति में सबसे अधिक 4,437 फीसद बढ़ी है।

उन्होंने वर्ष 2017 के चुनाव में अपनी संपत्ति पांच लाख 88 हजार 400 रुपए बताई थी, जबकि 2022 के नामांकन के साथ दाखिल हलफनामे में उन्होंने दो करोड़ 67 लाख 14,329 रुपए की संपत्ति की घोषणा की है। वार्ड संख्या 59 पश्चिम विहार से भाजपा पार्षद विनीत वोहरा ने सबसे अधिक 28.61 करोड़ रुपए की संपत्ति बढ़ने की घोषणा की है। उनकी संपत्ति 2017 में 9.33 करोड़ रुपए थी, जो 2022 में बढ़ कर 37.94 करोड़ रुपए हो गई है।

वार्ड संख्या 149 मालवीय नगर की भाजपा पार्षद नंदिनी शर्मा की संपत्ति में 25.58 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। शर्मा की संपत्ति 2017 के 24.25 करोड़ रुपए से बढ़कर 2022 में 49.84 करोड़ रुपए हो गई है। वार्ड संख्या 173 ग्रेटर कैलाश से भाजपा पार्षद शिखा राय की संपत्ति गत पांच साल में छह करोड़ रुपए बढ़ी है। उनकी संपत्ति 2017 के 6.81 करोड़ के मुकाबले 2022 में 12.81 करोड़ रुपए हो गई है। वहीं, ‘आप’ के टिकट पर दोबारा वार्ड संख्या 41 अमन विहार से चुनावी मैदान में उतरे रविंद्र भारद्वाज की संपत्ति में 831 फीसद की वृद्धि हुई है। उनकी संपत्ति 2017 के 21.67 लाख से बढ़कर 2.01 करोड़ रुपए हो गई है।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method