Skip to main content
Source
न्यूज़ track
https://www.newstracklive.com/news/criminal-cases-are-registered-against-23-ministers-in-nitish-government-surprising-disclosure-in-the-report-mc25-nu915-ta915-1526537-1.html
Author
Nicky Chouhan
Date
City
Patna

बिहार में मंगलवार को नीतीश-तेजस्वी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। इस के चलते 31 विधायकों ने मंत्रिपद की शपथ ली। सीएम नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को मिलाकर मंत्रिमंडल में कुल 33 चेहरे हैं। बिहार मंत्रिमंडल में सम्मिलित 33 में से 23 यानी 72 प्रतिशत मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। 

ADR ने नीतीश कुमार सहित 33 में से 32 मंत्रिमंडल सदस्यों के चुनाव आयोग के पास दाखिल एफिडेविट का एनालिसिस किया है। जनता दल यूनाइटेड कोटे से मंत्री बने अशोक चौधरी ने अपना एफिडेविट दाखिल नहीं किया है। ADR के अनुसार, बिहार की नई सरकार में 33 मंत्रियों में 72 प्रतिशत यानी 23 ने अपने ऊपर आपराधिक मामले दर्ज होने की खबर दी है। इतना ही नहीं इनमें से 53 प्रतिशत यानी 17 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिहार में मंगलवार को 31 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसमें से 16 राष्ट्रीय जनता दल के थे। वहीं, जनता दल यूनाइटेड के 11, कांग्रेस 2, हम का 1 तथा 1 निर्दलीय विधायक ने मंत्रिपद की शपथ ली थी। ADR की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल के 17 (तेजस्वी यादव को मिलाकर)  में से 15 यानी 88 प्रतिशत मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, जनता दल यूनाइटेड के 11 में 4 यानी 36 प्रतिशत मंत्री दागी हैं। कांग्रेस के दोनों मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, हम और निर्दलीय कोटे से मंत्री बने विधायकों पर भी मामले दर्ज हैं। 

वहीं, गंभीर आपराधिक मामलों की बात करें तो राष्ट्रीय जनता दल के 17 में से 11 मंत्रियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि जनता दल यूनाइटेड के 2, कांग्रेस के 1, हम के 1 तथा निर्दलीय विधायक पर भी गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। गंभीर आपराधिक मामले उन्हें माना जाता है, जिनमें कम से कम 5 वर्ष की सजा का प्रावधान होता है तथा ये गैर जमानती होते हैं। मर्डर, मारपीट, रेप, किडनैपिंग के केस गंभीर आपराधिक मामलों में गिने जाते हैं। नीतीश सरकार में सम्मिलित मंत्रियों में 27 करोड़पति हैं। राष्ट्रीय जनता दल के 16 यानी 94 प्रतिशत मंत्री करोड़पति हैं। जबकि जनता दल यूनाइटेड के 9, हम का 1 मंत्री करोड़पति है। निर्दलीय मंत्री भी करोड़पति हैं। 32 मंत्रियों की औसत संपत्ति 5.82 करोड़ है। कांग्रेस के मुरारी प्रसाद गौतम पर सबसे कम 17.66 करोड़ रुपए की संपत्ति है।