Skip to main content
Source
दैनिक भास्कर
https://www.bhaskar.com/local/bihar/news/bihars-63-mlc-criminal-71-of-rjd-and-69-of-bjp-130072075.html
Date
City
Patna

बिहार विधान परिषद के 63% ऐसे सदस्य हैं, जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दो एमएलसी ऐसे हैं, जिन पर मर्डर का केस और 9 पर हत्या के प्रयास का मामला चल रहा है। यही नहीं विधान परिषद में करोड़पतियों का बोलबाला है। 90% एमएलसी करोड़पति है। 60 सदस्यों में से 25 सदस्य ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति 10 करोड़ से ज्यादा है। सबसे ज्यादा धनी निर्दलीय सच्चिदानंद राय हैं। इनकी कुल संपत्ति 1108 करोड़ की है। सबसे गरीब RJD की मुन्नी देवी हैं।

यह आंकड़े 'एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' (ADR) और 'बिहार इलेक्शन वॉच' की तरफ से जारी किए गए हैं। विधान परिषद को उच्च सदन कहा जाता है। माना जाता है कि इसमें आनेवाले सदस्य पढ़े-लिखे समाज से, बुद्धिजीवी तबके से, अलग-अलग समूहों का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे सदस्यों से साफ-सुथरी छवि की उम्मीद जताई जाती है। लेकिन, जो आंकड़े सामने आए हैं, वो चौंकाने वाले हैं।

इन आंकड़ों में 75 में से 60 वर्तमान विधान परिषद के सदस्यों के वित्तीय, आपराधिक और अन्य विवरणों का विश्लेषण किया गया है। इसमें तीन विधान परिषद के सदस्यों के शपथ पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका विश्लेषण नहीं किया गया है। 12 मनोनीत विधान परिषद के सदस्यों को अपने शपथ पत्र जमा करने की आवश्यकता नहीं है। इसलिए 60 सदस्यों का ही विश्लेषण दिया गया है।

2 MLC पर चल रहे मर्डर केस

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक विधान परिषद के 60 में से 38 सदस्यों ने अपने ऊपर आपराधिक मामलों की घोषणा की है। वहीं 20 ऐसे सदस्य हैं, जिनके ऊपर गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। बिहार विधान परिषद में दो ऐसे सदस्य हैं, जिनके ऊपर हत्या का मुकदमा भी चल रहा है। 9 सदस्य ऐसे हैं, जिनके ऊपर हत्या के प्रयास का मुकदमा चल रहा है। जो सदन अपनी मर्यादाओं के लिए जाना जाता है, वहीं, 2 सदस्यों पर महिलाओं के ऊपर अत्याचार का मुकदमा चल रहा है।

BJP के 11 MLC आपराधिक छवि के

BJP के 16 में से 11 सदस्यों (69%) पर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। राजद की बात करें तो 14 में से 10 विधायकों (71%) पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। जदयू के 17 में से 8 एमएलसी (47%) पर आपराधिक मुकदमें हैं। 75 फीसदी आपराधिक मुकदमों के साथ कांग्रेस के चार में से तीन एमएलसी दागदार हैं। वहीं, सीपीआई के दोनों एमएलसी पर आपराधिक मुकदमे हैं। निर्दलीय 5 एमएलसी में से 2 पर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं।

JDU-BJP के 15-15 MLC करोड़पति

विधान परिषद के 60 सदस्यों में से 25 सदस्य ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति 10 करोड़ से ज्यादा है। वहीं, 10 सदस्यों की संपत्ति 5 करोड़ से 10 करोड़ के बीच में है। 19 ऐसे सदस्य हैं, जिनकी संपत्ति एक करोड़ से 5 करोड़ के बीच में है। 6 सदस्य ऐसे हैं जिनकी संपत्ति 20 लाख से एक करोड़ के बीच में है। लेकिन 20 लाख से नीचे एक भी सदस्य नहीं है।

यदि दलवार तरीके से करोड़पति एमएलसी की बात करें तो 60 में से 54 सदस्य (90%) करोड़पति हैं। इसमें बीजेपी के 16 में से 15, जदयू के 17 में से 15, राजद के 14 में से 12, कांग्रेस के 4 में से 3 और पांचों निर्दलीय एमएलसी करोड़पति हैं।

RJD की मुन्नी देवी सबसे गरीब MLC

टॉप 3 करोड़पति एमएलसी की बात करें तो सबसे पहले नंबर पर निर्दलीय सच्चिदानंद राय आते हैं। इनकी कुल संपत्ति 1108 करोड़ की है। दूसरे नंबर पर BJP के एमएलसी राजीव कुमार आते हैं, जिनकी संपत्ति 159 करोड़ आंकी गई है।

वहीं BJP MLC अशोक कुमार अग्रवाल की संपत्ति 101 करोड़ है। वही, तीन सबसे गरीब एमएलसी की बात करें तो राजद की मुन्नी देवी मात्र 29 लाख की संपत्ति की मालकिन हैं। दूसरे नंबर पर जदयू के नीरज कुमार हैं, जिनकी संपत्ति मात्र 49 लाख की है। तीसरे नंबर पर राजद के मोहम्मद सोहेब हैं, जिनकी संपत्ति भी 49 लाख आंकी गई है।

RLJP के भूषण कुमार प्रतिवर्ष कमाते हैं 4 करोड़

बिहार विधान परिषद के 3 सदस्य ऐसे हैं, जिनकी वार्षिक आय करोड़ों में है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के भूषण कुमार और उनकी पत्नी मिलाकर प्रति वर्ष 4 करोड़ कमाते हैं। उन्होंने शपथ पत्र में अपनी कंपनी होने की बात कही है। वहीं जदयू के दिनेश प्रसाद सिंह ने अपने शपथ पत्र में दो करोड़ वार्षिक आय की बात कही है। उन्होंने अपने शपथपत्र में खेती और हाउस रेंट को बताया है। BJP MLC राजीव कुमार ने अपनी वार्षिक आय 2 करोड़ बताया है। इन्होंने शपथ पत्र में लिखा है कि उनका अपना बिजनेस है।

महज साक्षर होकर भी बने MLC

विधान परिषद में 15 ऐसे सदस्य हैं, जिनकी शैक्षणिक योग्यता पांचवी से लेकर 12वीं क्लास के बीच में है, जबकि 43 विधान परिषद के सदस्यों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता स्नातक और इससे ज्यादा घोषित की है। एक सदस्य ने अपनी शैक्षणिक योग्यता डिप्लोमा धारक और एक ने खुद को साक्षर घोषित किया है।