Skip to main content
Source
दैनिक भास्कर
https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/14-in-rjd-3-ministers-in-jdu-facing-cases-from-murder-to-child-sexual-abuse-130193546.html
Date
City
Patna

CM नीतीश के मंत्रिमंडल में 72 प्रतिशत मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। ADR की नई रिपोर्ट के अनुसार कैबिनेट के 33 मंत्रियों में 23 ऐसे हैं जिनपर पर केस चल रहे हैं। इनमें से 17(53 प्रतिशत) ऐसे हैं जिन्होंने गंभीर आपराधिक मामले घोषित किया है। मंत्रिमंडल में 84 प्रतिशत मंत्री करोड़पति हैं और मंत्रियों की औसतन संपत्ति 5.82 करोड़ रुपए हैं।

RJD के 17 मंत्रियों में 15 पर मामले चल रहे हैं। वहीं JDU के 11 में से मात्र 4 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर 11 केस दर्ज हैं। वहीं JDU की ओर से सबसे ज्यादा केस अल्पसंख्यक विभाग के मंत्री जमा खान पर दर्ज है। उन पर तीन केस दर्ज है तो, वहीं संजय झा और मदन सहनी पर दो-दो केस है। वहीं JDU के 11 में से 9 मंत्री करोड़पति हैं। RJD की बात करें तो 17 में से 16 मंत्री करोड़पति हैं।

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी पर बहादुरपुर थाना और घनश्यामपुर थाना में जो केस दर्ज हैं, उन पर IPC धारा 188 लगाई गई है। यह सरकारी सेवा में बाधा पहुंचाने की धारा है। अल्पसंख्यक मंत्री जमा खान पर भभुआ थाना में 2 केस दर्ज हैं तो चैनपुर थाना में एक केस दर्ज है। नीतीश कुमार के इस मंत्री पर धारा 307 और धारा 27 भी दर्ज है। धारा 307 जान से मारने की कोशिश को लेकर लगाया जाता है। वहीं, धारा 27 आर्म्स एक्ट के तहत लगाया जाता है। संजय कुमार झा पर 2 केस दर्ज हैं। दरभंगा में इलेक्शन के दौरान उनपर रुपए बांटने का केस दर्ज है। वहीं, लहरिया सराय में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।

तेजप्रताप यादव पर चल रहा है 5 केस

RJD के 16 मंत्रियों में से मात्र दो मंत्रियों पर ही केस नहीं है। बाकी सभी 14 मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर 11 केस दर्ज हैं। यह केस अलग-अलग थानों में किए गए हैं। ये केस पटना के कोतवाली, सचिवालय, पूर्णिया, हाजीपुर, दिल्ली में CBI ने दर्ज किया है। उपमुख्यमंत्री पर धारा 302, 420 जैसे सेक्शन लगाए गए हैं। धारा 302 मर्डर केस के रूप में चलाया जाता है। इन पर भ्रष्टाचार के रूप में ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले है। तेजस्वी यादव पर पूर्णिया में मर्डर करने का केस चल रहा है। वहीं, उनके भाई तेज प्रताप यादव पर भी 5 केस दर्ज है। जिसमें पटना के कोतवाली, सचिवालय, मैट्रिमोनियल केस और महिला थाने में भी केस दर्ज है। तेज प्रताप यादव पर पूर्णिया में मर्डर केस चल रहा है। तो वही मैट्रिमोनियल केस के तहत डोमेस्टिक वॉयलेंस का भी उन पर चल रहा है।

RJD के मंत्री सुरेंद्र राम पर मजमा लगाने, सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट के साथ चोरी करने का भी केस दर्ज है। उनके ऊपर छपरा के दिघवारा थाना में केस दर्ज किया गया है। वहीं, बिहार के नए बने शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर पर पटना के सचिवालय थाना में, सुपौल के किशनपुर थाना में साथ ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर केस दर्ज है। बिहार के केसों में धरना प्रदर्शन को लेकर केस दर्ज किया गया है। तो वहीं, दिल्ली में धारा 482 जो कि लाइसेंसी राइफल की गोली बैग में रखे थे। हालांकि, उस समय चंद्रशेखर ने कहा था कि भूल वश गोली बैग में रह गया था।

सुरेंद्र यादव पर बाल यौन अपराध का मामला

बिहार में बनाए गए नए कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर चावल घोटाले का आरोप है। उन पर भभुआ के रामगढ़ थाना में यह केस दर्ज किया गया है। इस केस में आरोप लगाया गया है कि बिहार राज्य खाद्य निगम का चावल जमा नहीं करने का आरोप है। वहीं, दूसरा आरोप सड़क जाम कर यातायात बाधित करने का भी उन पर है।

RJD के मंत्री सुरेंद्र यादव पर 9 केस दर्ज है। पटना से लेकर गया तक में अलग-अलग थानों में यह केस दर्ज है। इसमें बाल यौन अपराध, मारपीट और आचार संहिता के केस दर्ज हैं। मंत्री ललित यादव पर लॉकडाउन के अवधि में पटना से गोपालगंज राजनीतिक कारणों से जाने के प्रयास के क्रम में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, कांग्रेस के मंत्रियों पर एक-एक केस दर्ज है। निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह पर भी एक केस दर्ज है। वहीं HAM के संतोष कुमार सुमन पर भी एक केस दर्ज है।