Skip to main content
Date
राजनीतिक चंदों पर नजर रखने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने कहा है कि राजनीतिक...
नई दिल्ली| राजनीतिक चंदों पर नजर रखने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने कहा है कि राजनीतिक दलों को पिछले साल पांच विधानसभा चुनावों के दौरान 1500 करोड़ रुपए से अधिक फंड मिले, हालांकि उन्होंने सिर्फ 494 करोड़ ही खर्च किए। इन राजनीतिक दलों में 5 राष्ट्रीय और 16 क्षेत्रीय पार्टियां हैं। एडीआर के अनुसार गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हुए चुनावों के दौरान राष्ट्रीय दलों ने 1,314.29 करोड़ रुपए फंड जुटाए, वहीं 328.66 करोड़ रुपए खर्च किए। इसमें भाजपा की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा 1,214.46 करोड़ रुपए (92.4%) है। इसमें से भाजपा की केंद्रीय मुख्यालय ने 1,194.21 करोड़ जुटाए, जबकि राज्य इकाइयों में सबसे ज्यादा गोवा भाजपा ने 17 करोड़ रुपए एकत्रित किए। दूसरी ओर 16 क्षेत्रीय पार्टियों ने 189 करोड़ फंड जुटाए और 166 करोड़ खर्च किए। एडीआर ने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए चुनावी खर्च विवरण के आधार पर उसने रिपोर्ट तैयार की है। छह क्षेत्रीय दलों ने खर्च का ब्योरा नहीं जमा किया है।