Source: 
दैनिक भास्कर
https://www.bhaskar.com/national/news/siddaramaiah-cabinet-criminal-records-and-property-dk-shivakumar-priyank-kharge-131309935.html
Author: 
Date: 
21.05.2023
City: 
New Delhi

20 मई को कर्नाटक में सिद्धारमैया कैबिनेट में शपथ लेने वाले सभी 9 मंत्रियों पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। सबसे ज्यादा 19 केस डिप्टी CM डीके शिवकुमार पर और 13 केस मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर दर्ज हैं। इतना ही नहीं, ये सभी मंत्री करोड़पति भी हैं। यह जानकारी कर्नाटक इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) रिपोर्ट में दी गई है।

यह रिपोर्ट कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सरकार के नौ मंत्रियों के शपथपत्रों के आधार पर तैयार की गई है। सभी नौ मंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की जानकारी भी दी है। इनमें से चार पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ये हैं सिद्धारमैया कैबिनेट के 9 मंत्री

मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट के 9 मंत्रियों ने शपथ ली। जिसमें डीके शिवकुमार डिप्टी CM बनाए गए। इन सभी को राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शपथ दिलाई। CM सिद्धारमैया कुरुबा से और डिप्टी CM डीके शिवकुमार वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं।

इनके अलावा, डॉ. जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, प्रियांक खड़गे SC से हैं। सतीश जारकीहोली ST, एमबी पाटिल लिंगायत कम्युनिटी, केजी जॉर्ज क्रिश्चियन, जमीर अहमद खान मुस्लिम और रामालिंगा रेड्‌डी रेड्डी समुदाय से हैं।

डीके शिवकुमार कर्नाटक के डिप्टी सीएम बनाए गए हैं।

शिवकुमार सबसे अमीर, प्रियांक खड़गे के पास सबसे कम संपत्ति
डीके शिवकुमार सबसे अमीर कैबिनेट मंत्री हैं, क्योंकि उन्होंने कुल 1413.80 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे सबसे कम घोषित कुल संपत्ति वाले मंत्री हैं। चित्तपुर से विधायक प्रियांक के पास महज 16.83 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इन मंत्रियों की औसत संपत्ति 229.27 करोड़ रुपए है।

रिपोर्ट में सभी नौ मंत्रियों की देनदारियों का जिक्र भी है। इनमें भी सबसे अधिक देनदारी वाले व्यक्ति कनकपुरा से विधायक डीके शिवकुमार हैं। उनके पास 265.06 करोड़ की देनदारियां हैं।

रिपोर्ट में केजे जॉर्ज के बारे में जानकारी नहीं है। भारतीय चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उनके स्पष्ट और पूर्ण हलफनामों का विवरण मौजूद नहीं था। इसलिए उनका डेटा एनालिसिस नहीं हो सका।

कैबिनेट के बाकी मंत्रियों की जानकारी...

नामविधानसभाउम्रशिक्षाकुल संपत्तिदेनदारीआपराधिक मामले
सिद्धारमैयावरुणा75 सालग्रेजुएट51 करोड़23 करोड़13
डीके शिवकुमारकनकपुरा60 सालपोस्ट ग्रेजुएट1413 करोड़265 करोड़19
सतीश लक्ष्मण जरखोलीयेमकान्मर्दी60 साल12वीं पास175 करोड़12 करोड़2
एमबी पाटिलबबलेश्वर58 सालग्रेजुएट141 करोड़47 करोड़5
रामलिंगा रेड्‌डीबीटीएम लेआउट70 सालग्रेजुएट110 करोड़35 करोड़4
जमीर अहमद खानचामराजपेट55 साल8वीं पास72 करोड़42 करोड़6
केएच मुनियप्पादेवनहल्ली75 सालग्रेजुएट59 करोड़27 करोड़1
डॉ. जी परमेश्वरकोर्तागेरे72 सालडॉक्टरेट21 करोड़9 करोड़3

9 में से 3 मंत्रियों के पास केवल स्कूली शिक्षा

ADR रिपोर्ट के मुताबिक सिद्धारमैया कैबिनेट के 9 में से 3 मंत्रियों के पास केवल स्कूली शिक्षा है। ये तीन 8वीं पास से 12वीं पास हैं। जबकि छह मंत्रियों ने ग्रेजुएशन या उससे ज्यादा पढ़ाई की है। हलफनामों में पांच मंत्रियों ने अपनी उम्र 41 से 60 साल के बीच बताई है, जबकि चार मंत्रियों ने अपनी उम्र 61 से 80 साल के बीच बताई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कर्नाटक के नए मंत्रिमंडल में कोई महिला मंत्री शामिल नहीं है।

नतीजों के 6 दिन बाद कर्नाटक में सरकार बनी

13 मई को कर्नाटक व‍िधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135, BJP ने 66 और JDS ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। नतीजे आने के बाद कांग्रेस में CM पद को लेकर पांच दिन तक मंथन चलता रहा। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच दावेदारी थी। आलाकमान ने सिद्धारमैया को चुना। डीके को सोनिया गांधी ने डिप्टी CM के लिए मनाया।

लोकसभा चुनाव के बाद डीके CM बनेंगे

शिवकुमार 50-50 फॉर्मूले पर राजी हुए हैं। पहले ढाई साल सिद्धारमैया CM रहेंगे और बाद के ढाई साल डीके। यानी डीके लोकसभा चुनाव के बाद 2025 में मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि तब कर्नाटक का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसका नाम अभी तय नहीं है।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method