Source: 
हिंदुस्तान
https://www.livehindustan.com/himachal-pradesh/story-41-percent-new-mlas-in-himachal-pradesh-are-criminal-background-and-93-percent-crorepati-says-adr-report-7469510.html
Author: 
Praveen Sharma
Date: 
10.12.2022
City: 
New Delhi

हिमाचल में नवनिर्वाचित विधायकों में से 41 फीसदी दागी, जबकि 93 फीसदी करोड़पति हैं। कुल 68 में से 28 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही यह भी जानें कि कौन सबसे अमीर और कौन सबसे गरीब विधायक।

हिमाचल प्रदेश में नवनिर्वाचित विधायकों में से 41 फीसदी दागी, जबकि 93 फीसदी करोड़पति हैं। कुल 68 में से 28 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के विश्लेषण के आधार पर यह रिपोर्ट जारी की गई है। विधानसभा चुनाव जीते 68 उम्मीदवारों में से 63 करोड़पति हैं।

भाजपा के मुकाबले कांग्रेस में दो गुने दागी 

रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा के मुकाबले कांग्रेस के दागी विधायकों की संख्या दोगुनी से भी अधिक है। चुनाव जीते कांग्रेस के 58 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, भाजपा के 20 विधायक दागी हैं। कांग्रेस के 23 और भाजपा के 5 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज है। कांग्रेस के 9, भाजपा के 3 विधायकों पर गंभीर मामले दर्ज हैं।

विधानसभा में 17 फीसदी करोड़पति और 9 फीसदी दागी बढ़े

हिमाचल विधानसभा में पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार के चुनाव में करोड़पति विधायकों की संख्या में 17 का इजाफा हुआ है। वहीं, दागी विधायकों की संख्या 9 बढ़ी है। 2017 के चुनाव में 32 विधायक दागी थे, इस साल 41 फीसदी दागी हो गए हैं। गंभीर आपराधिक मामले वाले विधायकों की संख्या 6 फीसदी बढ़ी है। इस बार 18 विधायकों पर गंभीर मामले दर्ज हैं।

24 फीसदी विधायक 10वीं से 12वीं पास

जीतने वाले उम्मीदवारों में 24 फीसदी विधायक 10वीं से 12वीं तक पढ़े लिखे हैं, जबकि 76 फीसदी विधायक स्नातक या उससे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। 68 विधायकों में से 16 12वीं तक पढ़े हैं, जबकि 52 की शैक्षिक योग्यता स्नातक या इससे अधिक है।

सबसे अधिक संपत्ति वाले विधायक

विधायक                     सीट                   पार्टी                        कुल संपत्ति

बलबीर सिंह वर्मा         चौपाल                  भाजपा                       128 करोड़ 
विक्रमादित्य सिंह         शिमला ग्रामीण        कांग्रेस                       101 करोड़
आर.एस. बाली            नगरौटा                 कांग्रेस                        92 करोड़

सबसे कम संपत्ति वाले विधायक

विधायक                       सीट                  पार्टी                      कुल संपत्ति

लोकेंद्र कुमार              अन्नी एससी            भाजपा                      29 लाख
चंद्रशेखर                    धरमपुर                 कांग्रेस                      45 लाख
दलीप ठाकुर               सरकाघाट              भाजपा                     66 लाख

अन्य प्रमुख तथ्य

33 विधायक दोबारा चुने गए हैं।
13.26 करोड़ है विधायकों की औसत संपत्ति
50% यानी 34 विधायकों की संपत्ति 5 करोड़ से ज्यादा
34% यानी 23 विधायकों की संपत्ति 2-5 करोड़ के बीच
0.3% यानी 2 विधायकों की संपत्ति 50 लाख से कम
13% यानी 9 विधायकों की संपत्ति 50 लाख से 2 करोड़ के बीच

ये भी जानें

एडीआर ने चुनाव जीते सभी 68 उम्मीदवारों के शपथ पत्रों के विश्लेषण के आधार पर यह रिपोर्ट जारी की है। 
28 विधायकों पर आपराधिक मामले, 12 पर गंभीर धाराओं वाले केस
58 फीसदी कांग्रेस विधायक दागी, भाजपा के 20 फीसदी इस श्रेणी में 

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method