Skip to main content
Date

छत्तीसगढ़ में दोबारा विधानसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा के 34 विधायकों की संपत्ति पांच साल में 100 फीसदी बढ़ी है। जबकि इसी दरमियान कांग्रेस के 30 विधायकों की संपत्ति में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी भी नहीं हुई। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2013 में भाजपा के 34 विधायकों की औसत संपत्ति करीब 2.47 करोड़ रुपए थी, जो 2018 में बढ़कर 4.95 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। भाजपा विधायकों की संपत्ति में औसतन 2.48 करोड़ का इजाफा हुआ। इस अवधि में कांग्रेस विधायकों की संपत्ति औसतन 0.16 करोड़ बढ़ी। दूसरे चरण में 23 प्रतिशत करोड़पति उम्मीदवार छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 72 सीटों पर मतदान होना है। इनमें कुल 1079 उम्मीदवार मैदान में हैं। एडीआर ने इनमें से 1059 उम्मीदवारों के हलफनामे का विश्लेषण किया। इसमें सामने आया कि दूसरे चरण में चुनाव लड़ने वाले 23% उम्मीदवार करोड़पति हैं। वहीं, कांग्रेस के 18 और भाजपा के 6 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

57 फीसदी उम्मीदवार 5वीं से 12वीं पास : दूसरे चरण में 599 यानी 57 प्रतिशत उम्मीदवारों ने अपनी शिक्षा 5वीं और 12वीं के बीच बताई है। 386 यानी 36 फीसदी स्नातक और उससे ज्यादा की शिक्षा ली है। 36 यानी 3 प्रतिशत उम्मीदवार साक्षर हैं।9 उम्मीदवार निरक्षर हैं।111 यानी 11 प्रतिशत महिला उम्मीदवार दूसरे चरण के चुनावी मैदान में हैं। 

130 प्रत्याशियों पर अापराधिक मामले : दूसरे चरण में कांग्रेस के 18 यानी 25% उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 11 के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं। जोगी कांग्रेस के 15 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक और 14 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले हैं। वहीं, भाजपा के 6 उम्मीदवारों के खिलाफ अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। 

सिंहदेव सबसे अमीर, निर्दलीय रूबीना के पास 104 रु. 

टीएस सिंहदेव की संपत्ति दूसरे अमीर उम्मीदवार अमितेश से करीब 6 गुना अधिक है। सिंहदेव की कुल संपत्ति 500 करोड़ से अधिक है। वहीं, अमितेश की संपत्ति 74 करोड़ रुपए है। तीसरे अमीर उम्मीदवार कीर्ति देवी सिंह कवर्धा से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 54 करोड़ रुपए है। 19 उम्मीदवार ऐसे भी हैं जिन्होंने अपनी संपत्ति शून्य घोषित की है। वहीं सबसे कम संपति वाले उम्मीदवारों में निर्दलीय रुबीना अंजुम हैं। उनकी कुल संपति 104 रुपए है। दूसरे नंबर पर नईम अंसारी और राधेश्याम शर्मा है, जो कि क्रमश: रायपुर दक्षिण और बिलासपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनों ने अपनी कुल संपत्ति 500 और 1000 रुपए घोषित की है।