Skip to main content
Source
Navbharat Times
Date
City
Lucknow

उत्तर प्रदेश चुनाव (UP Election) जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है उम्मीदवारों के दामन के दाग और संगीन होते जा रहे हैं। पांचवें चरण में भी सियासी दलों ने दागियों व करोड़पतियों पर जमकर प्यार लुटाया है। 27 फरवरी को 61 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 685 उम्मीदवारों ने दावेदारी की है। इसमें 27 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमे हैं। वहीं 36 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। बलात्कार व हत्या के आरोपितों को भी टिकट देने में भी सियासी दलों ने परहेज नहीं किया है।

यूपी इलेक्शन वॉच व एसोसिएशन फ़ॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) ने सोमवार को पांचवें चरण के प्रत्याशियों के शपथपत्र के विश्लेषण के आधार पर रिपोर्ट जारी की है। इस चरण में 185 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मुकदमे घोषित किए हैं। इसमें 141 के खिलाफ गंभीर अपराधों के आरोप हैं। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) से लेकर भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) तक ने दागी और करोड़पति उम्मीदवारों को टिकट बांटा है।

रेप और हत्या के आरोपित भी मैदान में
पांचवें चरण में 12 उम्मीदवारों के ऊपर महिलाओं से अत्याचार के जुड़े मुकदमे भी हैं। सुलतानपुर से सपा के उम्मीदवार अनूप सांडा पर बलात्कार का मुकदमा है। 8 उम्मीदवारों के ऊपर हत्या का आरोप है। कुंडा से उम्मीदवार गुलशन यादव, गोसाईगंज से अभय सिंह, चायल से पूजा पाल, रुधौली से आनंद सेन और तिलोई से उम्मीदवार मोहम्मद नईम पर हत्या के आरोप हैं। यह सभी सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। लंभुआ से बसपा प्रत्याशी अविनाश कुमार सिंह पर भी हत्या का मुकदमा है।

31 उम्मीदवारों के ऊपर हत्या के प्रयास का आरोप है। सपा के 49 फीसदी, भाजपा के 42 फीसदी, बसपा व कांग्रेस के 28-28 फीसदी उम्मीदवारों पर गंभीर अपराध के आरोप हैं। आप के 14 फीसदी और अपना दल सोनेलाल के 29 फीसदी उम्मीदवारों पर गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। इस चरण की 61 फीसदी विधानसभाएं ऐसी हैं, जहां 3 या उससे अधिक उम्मीदवारों के दामन पर अपराध के आरोपों का दाग है।

भाजपा में सबसे अधिक करोड़पति
इस चरण में उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति "2.48 करोड़ है। सबसे अधिक करोड़पतियों को भाजपा ने टिकट दिया है तो उसकी सहयोगी अपना दल भी उसी राह पर है। उसके 7 में 6 उम्मीदवार करोड़पति है। इनकी औसत संपत्ति 11 करोड़ रुपये से अधिक है। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो इस चरण में 59 फीसदी उम्मीदवारों ने खुद को स्नातक बताया है। 34 फीसदी उम्मीदवार 5वीं से 12वीं तक पढ़े हुए हैं।

32 उम्मीदवारों ने खुद को साक्षर बताया है जबकि 7 ने खुद को निरक्षर बताया है। 36 फीसदी उम्मीदवारों की उम्र 25 से 40 साल के बीच है। वहीं, 54 फीसदी उम्मीदवारों की उम्र 41 से 60 साल के बीच है। महिलाओं की भागीदारी इस चरण में और कम हो गई है। महज 13 फीसदी महिलाएं चुनाव में दावेदारी कर रही हैं।

सबसे अमीर उम्मीदवार

  • मयंकेश्वर शरण सिंह (भाजपा), तिलोई : 58 करोड़
  • सिंधुजा मिश्रा(भाजपा), कुंडा: 52 करोड़
  • संजय सिंह (भाजपा), अमेठी : 50 करोड़

सबसे संगीन अपराधों के आरोपित

  • यशभद्र सिंह (बसपा), इसौली : 21 मुकदमे (26 गंभीर धाराएं)
  • संदीप यादव (सपा), इलाहाबाद उत्तर : 35 मुकदमे(24 गंभीर धाराएं)
  • मुकेश श्रीवास्तव (सपा), पयागपुर : 09 मुकदमे(21 गंभीर धाराएं)