किशोर जोशी, नैनीताल : उत्तराखंड की नई भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री के साथ ही आठ कैबिनेट मंत्री करोड़पति हैं, जबकि नरेंद्रनगर के विधायक व मंत्री सुबोध उनियाल पर एक करोड़ से अधिक की देनदारी है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की ओर से जारी रिपोर्ट में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा दिया गया है।
सतपाल महराज सबसे अमीर
एडीआर के राज्य समन्वयक मनोज ध्यानी ने बताया कि उत्तराखंड के मंत्रियों से संबंधित आंकड़े जारी कर दिए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री करोड़पति हैं। मंत्रियों की औसतन संपत्ति 16 करोड़ है। सबसे अधिक सम्पत्ति घोषित करने वाले मंत्री पौड़ी गढ़वाल के चोबट्टाखाल से विधायक सतपाल महाराज की 87.34 करोड़ है, जबकि सबसे कम सम्पत्ति मंत्री बागेश्वर से विधायक चंदन राम दास की 1.24 करोड़ है।
गणेश जोशी सिर्फ दसवीं पास
रिपोर्ट के अनुसार, आधा दर्जन मंत्रियों ने देनदारी घोषित की है, जिसमें से निर्वाचन क्षेत्र नरेंद्र नगर से सुबोध उनियाल पर 1.03 करोड़ सबसे अधिक देनदारी घोषित है। दो मंत्री 10वीं व 12वीं पास एवं अन्य सात मंत्रियों ने स्नातक अथवा उससे अधिक शैक्षिक योग्यता हासिल की है। सबसे कम शैक्षिक योग्यता धारक मंत्री मसूरी के विधायक गणेश जोशी 10वीं पास हैं, सबसे अधिक शैक्षिक योग्यता धारक मंत्री डॉ धन सिंह रावत डॉक्टर ऑफ़ फिलॉसफी हैं।
सीएम धामी से कई गुना अधिक रेखा की संपत्ति
रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी की संपत्ति 3.34 करोड़, सोमेश्वर की विधायक व मंत्री रेखा आर्य की घोषित संपत्ति 25.20 करोड़, गणेश जोशी की 9.74 करोड़, सितारगंज विधायक व मंत्री सौरभ बहुगुणा की 7.85 करोड़, ऋषिकेश विधायक व मंन्त्री प्रेमचंद्र अग्रवाल की 5.03 करोड़, डॉ धन सिंह की संपत्ति 2.67 करोड़, सुबोध उनियाल की 1.61 करोड़ है। मंत्रिमंडल के सदस्यों में मुख्यमंत्री धामी, सौरभ, रेखा, सुबोध पोस्ट ग्रेजुएट जबकि चंदन रामदास ग्रेजुएट हैं।