Skip to main content
Date

पटना [जेएनएन]। लोकसभा के चौथे चरण में 29 अप्रैल को होने वाले चुनाव में ताल ठोक रहे बिहार के 66 प्रत्याशियों में से 24 का दामन दागदार है।  इनमें से 21 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। चौथे चरण के 13 प्रत्‍याशी करोड़पति भी हैं। इस चरण में बिहार के बेगूसराय, दरभंगा, मुंगेर, समस्तीपुर और उजियारपुर संसदीय क्षेत्रों में चुनाव होने हैं।

समस्तीपुर से सबसे कम आपराधिक रिकॉर्ड वाले प्रत्याशी

बिहार इलेक्शन वाच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्‍स (एडीआर) की रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार चौथे चरण में चुनाव लड़ रहे 36 फीसद प्रत्याशियों पर दाग लगे हैं। समस्तीपुर से सबसे कम तीन आपराधिक रिकॉर्ड वाले प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहां से लोजपा के रामचंद्र पासवान समेत भारतीय मोमिन फ्रंट के राज कुमार राम और आम अधिकार मोर्चा की आशा देवी के रिकॉर्ड आपराधिक हैं।

दरभंगा में ताल ठोक रहे चार दागदार प्रत्याशी

दरभंगा से चार दागदार प्रत्याशी मैदान में हैं। बीएसपी के मो. मुख्तार, निर्दलीय अब्दुल अजीज व संजय पासवान और मिथिलांचल मुक्ति मोर्चा के सरोज कुमार चौधरी पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बेगूसराय में गिरिराज पर छह ताे कन्‍हैया पर पांच मुकदमे

बेगूसराय से गिरिराज और कन्हैया के साथ ही राजद के तनवीर हसन और निर्दलीय अमर कुमार व शंभू कुमार सिंह के दामन पर दाग लगे हैं। गिरिराज सिंह पर छह मामले दर्ज हैं। बेगूसराय से ही कन्हैया कुमार पांच मुकदमे दर्ज हैं।

समस्‍तीपुर, मुंगेर व उजियारपुर में भी प्रत्‍याशियों पर मुकदमे

समस्तीपुर से लोक जनश्‍ाक्ति पार्टी (लोजपा) प्रत्‍याशी रामचंद्र पासवान पर पांच मुकदमे दर्ज हैं। उजियारपुर से चुनाव लड़ रहे भाजपा के नित्यानंद राय, रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अमरेंद्र कुमार यादव, सीपीआइ-एम के अजय कुमार और निर्दलीय ममता कुमारी व मो. अनवर पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुंगेर से बीएसपी के कुमार नवनीत हिमांशु, एसएचएस के संजय केसरी, कांग्रेस की नीलम देवी, जदयू के राजीव रंजन सिंह, एसबीपी के सर्वोदय पासवान और एसयूसीआइ के विकास कुमार आर्या पर भी मामले दर्ज हैं।

चौथे चरण में 13 प्रत्‍याशी करोड़पति, नीलम देवी सबसे अमीर

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के प्रत्‍याशियों की घोषित संपत्ति की बात करें तो कुल 66 में 13 प्रत्‍याशी करोड़पति हैं। बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी दूसरी सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। 62 करोड़ 16 लाख 43 हजार 689 रुपये की चल-अचल संपत्ति की मालकिन नीलम देवी कांग्रेस के टिकट पर मुंगेर संसदीय क्षेत्र से मैदान में हैं। दूसरे चरण में पूर्णिया से चुनाव लड़ चुके कांग्रेस के ही उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह अब तक के सबसे धनवान प्रत्याशी रहे हैं। उदय 341 करोड़ 86 लाख 43 हजार 970 रुपए के स्वामी हैं।

शीर्ष तीन करोड़पतियों में नित्यानंद राय भी शामिल

प्रत्याशियों के शपथपत्र के विश्लेषण के बाद जारी बिहार इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्‍स (एडीआर) की रिपोर्ट में ये आंकड़े दर्ज हैं। चौथे चरण में भाजपा, कांग्रेस, राजद, जदयू, लोजपा जैसे प्रमुख दलों के साथ ही जेपी जनता दल, रालोसपा एवं बिहार लोक निर्माण दल के शत-प्रतिशत प्रत्याशी करोड़पति हैं। इस चरण के शीर्ष तीन करोड़पतियों में नीलम देवी के बाद उजियारपुर से चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और बिहार लोक निर्माण दल के राज किशोर चौहान हैं। नित्यानंद के पास 18 करोड़ 70 लाख सात हजार 570 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। राज किशोर 10 करोड़ 48 लाख 89 हजार 810 रुपये की संपत्ति के मालिक हैं।

गिरिराज के पास 8.30 करोड़, कुशवाहा 2.44 करोड़ के मालिक

बेगूसराय के भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह आठ करोड़ 30 लाख 24 हजार 577 रुपये और राजद के मो. तनवीर हसन एक करोड़ 54 लाख 83 हजार 136 रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। मुंगेर के जदयू प्रत्याशी राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के पास आठ करोड़ 83 लाख 24 हजार 866 रुपये और निर्दलीय प्रत्याशी अमरजीत पटेल के पास एक करोड़ 25 लाख 45 हजार 972 रुपये की संपत्ति है।

उजियारपुर के रालोसपा प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा दो करोड़ 44 लाख 41 हजार 520 रुपये और जेपी जनता दल प्रत्याशी कुमार गौरव आठ करोड़ पांच लाख पचास हजार रुपये की संपत्ति के स्वामी हैं। दरभंगा के भाजपा प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर एक करोड़ 93 लाख एक हजार 808 रुपये और राजद प्रत्याशी अब्दुल बारी सिद्दीकी दो करोड़ 11 लाख 27 हजार 716 रुपए की संपत्ति रखते हैं।

रामविलास पासवान के भाई समस्तीपुर के लोजपा प्रत्याशी रामचंद्र पासवान एक करोड़ 73 लाख 75 हजार 975 रुपये की संपत्ति और कांग्रेस प्रत्याशी अशोक कुमार दो करोड़ तीन लाख 96 हजार 690 रुपये की चल-अचल संपत्ति का मालिकाना हक रखते हैं।

ये हैं चारो चरणों के शीर्ष करोड़पति

चारों चरणों के शीर्ष 11 करोड़पतियों में उदय सिंह व नीलम देवी के बाद भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय, लोजपा के नवादा प्रत्याशी चंदन सिंह, बांका के जेएमएम प्रत्याशी राज किशोर प्रसाद, औरंगाबाद के भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह, औरंगाबाद के ही स्वराज पार्टी लोकतांत्रिक के सोम प्रकाश, खगडिय़ा से वीआइपी के मुकेश सहनी, सुपौल की रंजीत रंजन, मधेपुरा के जाप प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, कटिहार के कांग्रेस प्रत्याशी तारिक अनवर और उजियारपुर के बिहार लोक निर्माण दल प्रत्याशी राज कुमार चौहान शामिल हैं।