Skip to main content
Source
Dainik Bhaskar
https://www.bhaskar.com/national/news/association-for-democratic-reforms-donation-of-720-crore-to-bjp-in-the-financial-year-2022-23-132589375.html
Date
City
New Delhi

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने बुधवार (14 फरवरी) को राजनीतिक दलों को मिलने वाले डोनेशन की रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में BJP को लगभग 720 करोड़ रुपए डोनेशन मिले हैं।

भाजपा को मिली रकम कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) (CPI-M) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) को मिले डोनेशन से पांच गुना अधिक है।

फाइनेंशियल ईयर में 20 हजार से अधिक का डोनेशन मिलने पर रजिस्टर्ड पॉलिटिकल पार्टियों को खुलासा करना होता है। 2022-23 में नेशनल पार्टियों को कुल 850.43 करोड़ रुपए डोनेशन में मिले हैं।

ADR के मुताबिक, कुल डोनेशन में कांग्रेस ने सिर्फ 79.92 करोड़ रुपए मिलने की घोषणा की है। कुल 12 हजार 167 डोनेशन में भाजपा को 7,945 और कांग्रेस को 894 डोनेशन से ये रकम हासिल हुई है।

BSP ने सिर्फ 20 हजार रुपए चंदा मिलने की घोषणा की
देश की छठी राष्ट्रीय पार्टी बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने घोषणा की है कि उसे 2022-23 के दौरान 20 हजार रुपए से अधिक का कोई चंदा नहीं मिला। बीते 17 साल से BSP यही घोषणा करती आ रही है।

ADR ने बताया है कि दिल्ली से नेशनल पार्टियों को कुल 276.20 करोड़ रुपए का डोनेशन मिला। इसके बाद गुजरात से 160.50 करोड़ रुपए और महाराष्ट्र से 96.273 करोड़ रुपए का चंदा मिला।

17.12 फीसदी बढ़ा BJP को मिलने वाला डोनेशन
ADR ने कहा कि फाइनेंशियल ईयर 2022-23 के दौरान नेशनल पार्टियों का कुल डोनेशन 91.701 करोड़ रुपए बढ़ा, जो पिछले 2021-22 की तुलना में 12.09 फीसदी अधिक है।

BJP का डोनेशन 2021-22 के दौरान 614.62 करोड़ रुपए से 17.12 फीसदी बढ़कर 2022-23 में 719.85 करोड़ रुपए हो गया। हालांकि, 2019-20 की तुलना में 2020-21 के दौरान पार्टी के चंदे में 41.49 फीसदी की कमी आई।

2021-22 के दौरान कांग्रेस का डोनेशन 95.45 करोड़ से घटकर वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान 79.92 करोड़ रुपए हो गया, जो कि 16.27 फीसदी कम है। ADR के अनुसार, 2020-21 और 2021-22 के बीच इसके डोनेशन में 28.09 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

AAP, CPI (M) का डोनेशन घटा
ADR ने कहा कि CPI(M) ने 3.9 करोड़ डोनेशन मिलने की बात कही है, जो पिछले फाइनेंशियल ईयर की तुलना में 39.56 फीसदी कम है। AAP ने 1.14 करोड़ रुपए डोनेशन की बात कही, जो पिछली बार से 2.99 फीसदी कम है।