CM Sukhu Property Details: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने देशभर के सीएम की संपति की डिटेल जारी की है. उत्तर भारत में सुखविंदर सिंह सुक्खू सबसे अमीर सीएम हैं और उनके पास 7.81 करोड़ की संपत्ति है. नायब सिंह सैनी दूसरे स्थान पर हैं.
देश के मुख्यमंत्रियों की संपति की जानकारी सामने आई है. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने सभी 28 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की आय और संपत्तियों का ब्योरा जारी किया है. इसमें उत्तर भारत में सबसे ज्यादा संपत्ति हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास है औऱ फिर हरियाणा के नायब सिंह सैनी का नंबर है और वह दूसरे सबसे अधिक संपत्ति वाले सीएम हैं.
एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कुल संपत्ति 7 करोड़ 81 लाख रुपये है. उन पर करीब 22 लाख रुपये का कर्ज है. सीएम हर साल 17 लाख रुपये कमाते हैं और वह पेंशनर हैं. सीएम की पढ़ाई को लेकर रिपोर्ट में बताया गया है कि वह पोस्ट ग्रेजुएट हैं उन्होंने लॉ की पढ़ाई की है.
सुक्खू के खिलाफ चार केस और मान पर एक
रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री सुखविंद्र के खिलाफ चार केस दर्ज हैं और चारों ही लंबित हैं. 2022 के चुनावी हलफनामे में भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास कुल 7 करोड़, 81 लाख से ज्यादा की संपत्ति दिखाई गई थी. 2022 में विधानसभा चुनाव में हलफनामे में सीएम ने बताया था कि कुल संपत्ति में करीब 24 लाख की कृषि योग्य भूमि है. दो लाख रुपये नकद के अलावा सोना, चांदी के आभूषण, वाहन, एलआईसी और बैंक में बचत के अलावा करीब 5 करोड़ की संपत्ति भी शामिल है. गाड़ियों में उनके पास ओल्टो और स्कॉर्पियो है.
तीसरे नंबर पर सीएम सुक्खू
गौर रहे कि देश के सबसे अमीर सीएम की लिस्ट में सुक्खू छठे स्थान पर हैं और पहले नंबर पर आंध्रा प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू हैं. सबसे कम संपति उमर अब्दुल्ला के पास 55 लाख रुपये हैं. उधर, उत्तर भारत में सबसे अधिक संपति की लिस्ट में हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हैं, जिसने पास 5 करोड़ 80 लाख रुपये की संपति है और 74 लाख कर्ज है. सैनी की वार्षिक आय करीब 13 लाख रुपये है और सीएम सैनी स्टोन क्रशर के मालिक भी हैं. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं और उनकी कुल संपत्ति 5 करोड़ 31 लाख रुपये है और उन पर 1 करोड़ 20 लाख रुपये की देनदारी है. लिस्ट में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संपत्ति 4 करोड़ 64 लाख रुपये है. जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कुल संपत्ति 1 करोड़ 54 लाख रुपये है.
वहीं, धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने खबर पर तंज कसते हुए लिखा कि गिला करें जिन्हें तुझसे बड़ी उम्मीदें थी, हमें तो खैर तेरा ऐतबार ही ना था. धर्मशाला नगर निगम के पार्षद प्रवीण प्रकाश शर्मा ने लिखा कि भगवान ऐसी बरकत सभी को दे.
पत्नी के पास कितनी संपति
देहरा से सीएम की पत्नी कमलेश ठाकुर विधायक हैं और 2024 के उपचुनाव में उन्होंने हलफनामा दिया था, जिसमें कमलेश ठाकुर 9.14 करोड़ संपत्ति की मालकिन थी. उनके पास 90.88 लाख की चल संपत्ति और 8.23 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी. इस संपत्ति में पति मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और दो बेटियों का हिस्सा भी है. कमलेश के पास 20.70 लाख की ज्वैलरी, 51.79 लाख रुपये कीमत का न्यू चंडीगढ़ में फ्लैट और छोटा शिमला में हिमुडा का फ्लैट, नादौन, शिमला और सोलन के बद्दी में जमीन है. इसके अलावा, कमलेश के पास 2.91 करोड़ की अचल और 54.65 लाख की चल संपत्ति, उनके पति के पास 5.31 करोड़ की अचल और 31.26 लाख की चल संपत्ति, बेटियों के पास 3.77 लाख और 1.19 लाख की चल संपत्ति है.
