रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में करोड़पति उम्मीदवारों की भरमार हैं। इन पर लक्ष्मी मेहरबान हैं। वर्ष 2014 के चुनाव में कुल 1136 प्रत्याशियों में 197 प्रत्याशी करोड़पति थे। वहीं 2019 के चुनाव में 1216 प्रत्याशियों में 293 प्रत्याशी करोड़पति हैं। पिछले चुनाव की तुलना में करोड़पति उम्मीदवार सात फीसद बढ़ गए हैं। वहीं अगर औसतन संपत्ति की बात करें तो वर्ष 2019 के चुनाव में उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 1.24 करोड़ रुपये है।
2014 के चुनाव में उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 74.09 लाख रुपये थी। अगर वार्षिक आमदनी देखी जाय तो छह ऐसे प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनकी स्वयं की वार्षिक आमदनी एक करोड़ रुपये से अधिक है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म के आंकड़े के अनुसार टॉप टेन टैक्सपेयर में छह प्रत्याशी की वार्षिक आय एक करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें टॉप पर झारखंड सरकार की समाज कल्याण मंत्री लुइस मरांडी हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर सिल्ली से आजसू पार्टी के प्रत्याशी सुदेश कुमार महतो हैं।
एक वर्ष में सर्वाधिक कमाई करने वाले टॉप टेन टैक्स पेयर प्रत्याशी
- लुइस मरांडी : भाजपा से दुमका सीट की प्रत्याशी। समाजिक सेवा व व्यवसाय से अपनी आय 2.63 करोड़ रुपये।
- नरेश प्रसाद सिंह : पलामू के विश्रामपुर सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी। ठेकेदारी से वार्षिक आय 2.47 करोड़ रुपये।
- सुदेश कुमार महतो : सिल्ली से आजसू पार्टी के प्रत्याशी। पेंशन, व्यवसाय व लीज रेंट आदि से 1.53 करोड़ रुपये।
- डॉ. रामचंद्र प्रसाद : हजारीबाग से निर्दलीय प्रत्याशी। नर्सिंग होम, मेडिकल स्टोर, स्कूल, कृषि से 1.42 करोड़ रुपये।
- कुशवाहा शशि भूषण मेहता : पलामू के पांकी से भाजपा प्रत्याशी। व्यवसाय से 1.14 करोड़ रुपये।
- मिथिलेश कुमार ठाकुर : गढ़वा से जेएमएम के प्रत्याशी। कैपिटल इंवेस्टमेंट के इंटरेस्ट से 1.04 करोड़ रुपये।
- राहुल अग्रवाल : डालटनगंज से झाविमो के प्रत्याशी। मेडिकल प्र्रैक्टिस से 72 लाख रुपये।
- ब्रह्मदेव प्रसाद : विश्रामपुर से जदयू के प्रत्याशी। व्यवसाय से 71 लाख रुपये।
- देवेंद्र कुमार सिंह : पांकी से निर्दलीय प्रत्याशी। व्यवसाय, एमएलए पेंशन से 58 लाख रुपये।
- उपेंद्र कुमार शर्मा : गिरिडीह से एलजेपी के प्रत्याशी। कृषि व व्यवसाय से 51 लाख रुपये।
किस पार्टी के कितने करोड़पति उम्मीदवार
जेएमएम : 72 फीसद, भाजपा : 63 फीसद, कांग्रेस : 55 फीसद, आजसू पार्टी : 49 फीसद, झाविमो : 41 फीसद व निर्दलीय 11 फीसद।