Skip to main content
Source
जागरण
Author
Naveen Sharma
Date
City
Srinagar

एडीआर रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला देश के 31 मुख्यमंत्रियों में सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

राजनीति में करोड़ों-अरबों की संपत्ति के बीच जम्मू-कश्मीर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला देश के सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

चुनावी हलफनामों के आधार पर तैयार इस रिपोर्ट के अनुसार, उमर अब्दुल्ला ने अपनी कुल संपत्ति 55.24 लाख रुपये घोषित की है, जो देश के 31 मौजूदा मुख्यमंत्रियों में सबसे कम है।

रिपोर्ट के मुताबिक, देश के मुख्यमंत्रियों की औसत घोषित संपत्ति 118.07 करोड़ रुपये है। ऐसे में उमर अब्दुल्ला की घोषित संपत्ति राष्ट्रीय औसत से कई गुना कम है। यह रिपोर्ट 28 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों द्वारा चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामों के विश्लेषण पर आधारित है।

देश के अमीर बनाम गरीब मुख्यमंत्री

एडीआर के अनुसार, देश के 31 मुख्यमंत्रियों की कुल घोषित संपत्ति 3,660 करोड़ रुपये है। इनमें चार मुख्यमंत्री अरबपति हैं और 25 मुख्यमंत्री करोड़पति हैं। केवल दो मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति एक करोड़ रुपये से कम है। इस सूची में सबसे नीचे उमर अब्दुल्ला हैं, जबकि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी 85.87 लाख रुपये की घोषित संपत्ति के साथ दूसरे सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं।

रिपोर्ट यह भी बताती है कि देश के सबसे अधिक संपत्ति वाले मुख्यमंत्रियों में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ शीर्ष स्थानों में शामिल हैं, जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय 648 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ उनके बाद हैं।

अन्य मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति पर नज़र डालें तो हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास 7.81 करोड़ रुपये, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास 5.80 करोड़ रुपये, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास 5.31 करोड़ रुपये, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पास 4.64 करोड़ रुपये, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास 1.97 करोड़ रुपये और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास 1.54 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति है।

अपराध और शिक्षा का भी लेखा-जोखा

रिपोर्ट में केवल संपत्ति ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्रियों की आपराधिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि का भी विश्लेषण किया गया है। इसके अनुसार, 31 में से 14 मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की है, जबकि 11 मुख्यमंत्री गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं।

शिक्षा के स्तर पर अधिकांश मुख्यमंत्री स्नातकोत्तर हैं, जबकि आयु के लिहाज से 51 से 60 वर्ष का वर्ग सबसे बड़ा है, जो राज्यों की राजनीति में अनुभवी नेतृत्व की मजबूत मौजूदगी को दर्शाता है। वहीं, लैंगिक प्रतिनिधित्व के मामले में तस्वीर चिंताजनक है। देश के 31 मुख्यमंत्रियों में वर्तमान में केवल एक महिला मुख्यमंत्री हैं, जो राज्य स्तर की राजनीति में महिलाओं की सीमित भागीदारी को उजागर करता है।

एडीआर की यह रिपोर्ट देश के राजनीतिक नेतृत्व की आर्थिक स्थिति, शैक्षणिक योग्यता और आपराधिक पृष्ठभूमि की व्यापक तस्वीर प्रस्तुत करती है। लेकिन सबसे अधिक चर्चा जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की हो रही है, जिन्होंने केवल 55.24 लाख रुपये की घोषित संपत्ति के साथ देश के सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री होने का स्थान हासिल किया है।

ऐसे समय में जब अधिकांश मुख्यमंत्री करोड़ों और अरबों रुपये की संपत्ति घोषित कर चुके हैं, उमर अब्दुल्ला का यह आंकड़ा स्वाभाविक रूप से राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा का केंद्र बन गया है।
 


abc