Skip to main content
Source
Live Hindustan
Author
Hindustan | Bureau
Date
City
New Delhi

रिपोर्ट ::क्षेत्रीय दलों के चंदे में द्रमुक, टीएमसी और वाईएसआर का 70 फीसदी हिस्सा

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने दलों को दो साल में मिले चंदे का विश्लेषण कर जारी की रिपोर्ट

1051 करोड़ से अधिक की राशि क्षेत्रीय दलों को 2024-25 में मिली

347 करोड़ का चंदा इन पार्टियों को वित्त वर्ष 2023-24 में मिला था

40 क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को मिले चंदे का विश्लेषण किया गया

चंदे में वृद्धि का विश्लेषण

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को मिलने वाला घोषित चंदा एक साल में तीन गुना से अधिक बढ़ गया। वहीं, वित्त वर्ष 2024-25 में सबसे अधिक चंदा पाने वाले शीर्ष तीन क्षेत्रीय दलों में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और वाईएसआर कांग्रेस रहे। 2024-25 में मिले 1050 करोड़ के कुल चंदे में इन तीनों दलों की ही लगभग 70 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने 40 क्षेत्रीय दलों को मिले चंदे के विश्लेषण पर आधारित रिपोर्ट गुरुवार को जारी की। रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय दलों को 2024-25 में कुल 1,051.56 करोड़ रुपये चंदा मिला, जबकि 2023-24 में कुल 347.69 करोड़ चंदा मिला। इस तरह 2024-25 में तीन गुना अधिक चंदा मिला। वहीं, 2023-24 में चंदे की कुल संख्या 2861 थी, जो 2024-25 में 85 प्रतिशत बढ़कर 5297 हो गई।

क्षेत्रीय दलों को प्राप्त चंदा

रिपोर्ट के अनुसार, द्रमुक को 2024-25 में सर्वाधिक 365.78 करोड़ रुपये का घोषित दान मिला। इसके बाद ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को 184.96 करोड़ रुपये और वाईएसआर कांग्रेस को 140.04 करोड़ रुपये मिले। इन तीनों दलों को मिला कुल चंदा 690.78 करोड़ रहा, जो सभी दलों को मिले कुल चंदे का लगभग 70 प्रतिशत है। वहीं, 2023-24 में सर्वाधिक चंदा पाने वाला क्षेत्रीय दल तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) रहा, जिसे 100.19 करोड़ रुपये का दान मिला था.

द्रमुक को सबसे ज्यादा अघोषित चंदा भी

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) को अघोषित दानदाताओं से सबसे अधिक 300.64 करोड़ रुपये मिले, जो उसे मिले कुल घोषित दान से 82 प्रतिशत से अधिक रहा। वहीं, टीएमसी, वाईएसआर कांग्रेस, टीडीपी, अन्नाद्रमुक और बीजू जनता दल (बीजद) लगभग पूरी तरह से कॉरपोरेट और बिजनेस घरानों से मिले दान पर निर्भर थे। अन्य दानदाताओं की श्रेणियों से उनका योगदान नगण्य या शून्य रहा।

बिना पैन जानकारी के दिया गया दान बढ़ा

रिपोर्ट के अनुसार, बिना पैन जानकारी के दिया गया दान 2023-24 में 7.69 करोड़ रुपये था। यह 2024-25 में 329.58 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, नगद चंदा 2023-24 के 6.54 करोड़ से बढ़कर 2024-25 में 301.44 करोड़ हो गया। इसके अलावा, 13.39 करोड़ रुपये के 1,978 चंदा प्राप्तियों के बारे में दलों ने भुगतान का तरीका स्पष्ट नहीं किया है।

कॉरपोरेट और बिजनेस घरानों का दबदबा

राजनीतिक फंडिंग में कॉर्पोरेट और बिजनेस घरानों का दबदबा बना रहा। उन्होंने 2024-25 में 644.93 करोड़ का योगदान दिया, जो 2023-24 के 227.61 करोड़ से तीन गुना है। दोनों सालों में कॉरपोरेट और बिजनेस घरानों से कुल 650 चंदे दिए गए। दूसरी ओर, व्यक्तिगत दानदाताओं ने 2024-25 में 5467 चंदों के जरिये 193.95 करोड़ का योगदान दिया।

अघोषित दानदाताओं में भारी बढ़ोतरी

रिपोर्ट के अनुसार, दानदाताओं से मिलने वाले चंदे में भी भारी बढ़ोतरी उजागर हुई है। 2023-24 में 6.62 करोड़ का चंदा अघोषित दानदाताओं से मिला था, जो 2024-25 में 302.67 करोड़ हो गया। यह क्षेत्रीय दलों को मिले कुल चंदे का 29 प्रतिशत हिस्सा है।

सियासी फंडिंग में इलेक्टोरल ट्रस्ट आगे

रिपोर्ट के मुताबिक, राजनीतिक फंडिंग में इलेक्टोरल ट्रस्ट सबसे आगे रहे। प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट, प्रोग्रेसिव इलेक्टोरल ट्रस्ट और एबी जनरल इलेक्टोरल ट्रस्ट ने मिलकर 536 करोड़ रुपये का दान दिया। यह 2023-24 और 2024-25 में शीर्ष 10 दानदाताओं द्वारा दिए गए कुल चंदे का लगभग 64 प्रतिशत था।

इन दलों को मिला सबसे ज्यादा चंदा

पार्टी 2024-25 2023-24

द्रविड़ मुनेत्र कषगम 365.78 करोड़ 21.56 करोड़

तृणमल कांग्रेस 184.96 करोड़ 6.42 करोड़

वाईएसआर कांग्रेस 140.04 करोड़ 62.50 करोड़

तेलुगुदेशम पार्टी 83.03 करोड़ 100.18 करोड़

अन्नाद्रमुक 66.30 करोड़ 3.67 करोड़

ये रहे शीर्ष दानदाता

संस्था/ कंपनी/ व्यक्ति रकम वर्ष

प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट 434 करोड़ 2023-24, 2024-25

टाइगर एसोसिएट्स 160 करोड़ 2023-24, 2024-25

प्रोग्रेसिव इलेक्टोरल ट्रस्ट 70 करोड़ 2024-25

वेदांता लिमिटेड 45 करोड़ 2024-25

एबी जनरल इलेक्टोरल ट्रस्ट 32 करोड़ 2024-25

चंद्रशेखर पेम्मसानी 30.5 करोड़ 2023-24

रविशंकर पेम्मसानी 17.5 करोड़ 2023-24

बाश्याम कंस्ट्रक्शन्स 10 करोड़ 2023-24

(दो साल में राजनीतिक दलों को सबसे ज्यादा चंदा देने वाले)

कहां से कितना चंदा मिला

दानदाता 2024-25 2023-24

कॉरपोरेट/ बिजनेस घराने 644.93 करोड़ 227.61 करोड़

व्यक्तिगत दान 91.51 करोड़ 102.42 करोड़

पार्टी इकाई/ संगठन 12.44 करोड़ 11.03 करोड़

अघोषित दानदाता (नगद) 302.66 करोड़ 6.62 करोड़


abc