Skip to main content
Source
News Track
Author
Newstrack/IANS
Date

ADR Report : एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने सोमवार को एक रिपोर्ट जारी की। इसमें देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री और सबसे कम सम्पत्ति वाले मुख्यमंत्रियों को लेकर आंकड़े जारी किए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू बाबू नायडू देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। उनके पास 931 करोड़ रुपए से अधिक की सम्पत्ति है। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सबसे कम सम्पत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं। उनके पास महज 15 लाख रुपए की सम्पत्ति है।

एडीआर रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ से अधिक की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू दूसरे स्थान पर हैं, उनकी कुल संपत्ति 332 करोड़ रुपए है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया 51 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। पेमा खांडू पर सबसे अधिक 180 करोड़ रुपए की देनदारी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सिद्धारमैया पर 23 करोड़ रुपए और नायडू पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है।

जानिए किसके पास कितनी सम्पत्ति

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं, उनके पास 15 लाख रुपए की संपत्ति है। इसके बाद जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला का नाम है, उनके पास 55 लाख रुपए की संपत्ति है।

- झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन - 25.33 करोड़ रुपए।

- असम से सीएम हिमंत बिस्वा सरमा - 17 करोड़ रुपए।

- मेघालय के सीएम कोनराड संगमा - 15 करोड़ रुपए।

- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस - 13.27 करोड़ रुपए।

- त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा - 13 करोड़ रुपए।

- गोवा के सीएम प्रमोद सावंत - 9 करोड़ रुपए

- तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन - 8 करोड़ रुपए-

- गुजरात के मख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल - 8 करोड़ रुपए।

- हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की सम्पत्ति 7 करोड़ रुपए।

- उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी - 4 करोड़ रुपए।

- बिहार से सीएम नीतीश कुमार - 3 करोड़ रुपए।

- उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ - एक करोड़ रुपए।

- पंजाब के सीएम भगवंत मान - एक करोड़ रुपए।

31 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपए

आंकड़ों के अनुसार, राज्य विधानसभाओं और केंद्र शासित प्रदेशों से प्रति सीएम की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपए है। एडीआर के मुताबिक, भारत की प्रति व्यक्ति शुद्ध राष्ट्रीय आय (एनएनआई) 2023-2024 के लिए लगभग 1,85,854 रुपए थी, जबकि एक मुख्यमंत्री की औसत स्व-आय 13,64,310 रुपए है, जो भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय का लगभग 7.3 गुना है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 31 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपए है।

आपराधिक मामले

एडीआर रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 13 (42 प्रतिशत) मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि 10 (32 प्रतिशत) ने हत्या के प्रयास, अपहरण, रिश्वतखोरी और आपराधिक धमकी सहित गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।

31 मुख्यमंत्रियों में से केवल दो महिलाएं - पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली मुख्यमंत्री की आतिशी हैं। वहीं, 31 में से केवल दो मुख्यमंत्री ही अरबपति हैं। तीन मुख्यमंत्रियों के पास 50 करोड़ रुपए या उससे अधिक की संपत्ति है, जबकि नौ के पास 11 करोड़ से 50 करोड़ रुपए के बीच की संपत्ति है। वहीं, शैक्षणिक योग्यता की बात की जाए तो 31 में से 10 मुख्यमंत्री ऐसे हैं, जो स्नातक हैं। इसके अलावा दो मुख्यमंत्रियों के पास डॉक्टरेट की डिग्री है।

देश के 31 मुख्यमंत्रियों में से छह ऐसे हैं, जो 71 से 80 वर्ष की आयु के हैं, जबकि 12 मुख्यमंत्री 51 से 60 वर्ष की आयु के हैं।


abc