Skip to main content
Source
The Lallan Top
Author
सौरभ
Date

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जारी प्रचार और आरोप-प्रत्यारोपों के बीच एक नई बहस छिड़ गई है. बहस इस बात की कि किसके पास ज्यादा 'दागी' उम्मीदवार हैं. इस रेस में भी आम आदमी पार्टी (AAP) आगे निकलती दिख रही है. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की विस्तृत रिपोर्ट के मुताबिक, AAP ने चुनावी मैदान में आपराधिक मामलों वाले सबसे अधिक उम्मीदवारों को उतारा है. यह डेटा हर पार्टी के उम्मीदवारों की लिस्ट का विश्लेषण करके तैयार किया गया है. दिल्ली चुनाव में कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. इनमें से 132 उम्मीदवारों (19%) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले होने की घोषणा की है. इनमें से 81 उम्मीदवारों (12%) ने गंभीर आपराधिक मामलों का जिक्र किया है.

आम आदमी पार्टी (AAP) इस मामले में सबसे आगे है. उसके 63% कैंडिडेट आपराधिक मामलों में नामजद हैं. ये आंकड़ा इस चुनाव में किसी भी प्रमुख पार्टी के मुकाबले सबसे ज्यादा है. इन AAP उम्मीदवारों में से 41% पर गंभीर अपराध करने के आरोप हैं. वहीं कांग्रेस (INC) ने आपराधिक मामलों वाले 41% उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं, जिनमें से 19% गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं. वहीं बीजेपी ने अपनी लिस्ट में 29% आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को उतारा है. इनमें से 13% गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं.

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक 13 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं. 2 उम्मीदवारों पर हत्या के आरोप हैं. जबकि 5 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास के आरोप हैं. रिपोर्ट के मुताबिक 16 विधानसभा क्षेत्रों (23% कुल) में तीन या उससे अधिक उम्मीदवारों ने आपराधिक मामलों की घोषणा की है. 

इस चुनाव में सबसे हॉट सीट है नई दिल्ली. यहां से AAP मुखिया अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ रहे हैं. बीजेपी की तरफ से केजरीवाल को टक्कर दे रहे हैं पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे प्रवेश सिंह वर्मा. और कांग्रेस से टक्कर दे रहे हैं पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित. तीनों तरफ से हेवीवेट नेता मैदान में हैं. पर इसी विधानसभा क्षेत्र में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार भी सबसे ज्यादा हैं. ADR के मुताबिक नई दिल्ली में छह, मनीष सिसोदिया की सीट जंगपुरा से पांच-पांच, मटियाला, द्वारका, जनकपुरी और ओखला में चार-चार,  सदर बाजार, करावल नगर, कालकाजी, दिल्ली कैंट, बीजवासन, बाबरपुर, सुलतानपुर माजरा, रोहतास नगर, संगम विहार और बदरपुर में तीन-तीन आपराधिक उम्मीदवार हैं.

पैसों के मामले में बीजेपी के उम्मीदवार सबसे 'महंगे' दिखाई देते हैं. बीजेपी के 12%  ऐसे उम्मीदवार हैं जिनकी संपत्ति ₹50 करोड़ या उससे अधिक हैं. जबकि कांग्रेस ने 10% और AAP ने 9% टिकट इसी अमीर श्रेणी में दिए हैं.


abc