Skip to main content
Source
Molitics
Author
Molitics Desk
Date

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और दिल्ली इलेक्शन वॉच द्वारा जारी की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 699 उम्मीदवारों में से 132 ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले का खुलासा किया है। एडीआर और दिल्ली इलेक्शन वॉच ने इन उम्मीदवारों के शपथ-पत्रों का विश्लेषण किया है। इनमें से 278 उम्मीदवार राष्ट्रीय दलों से, 29 राज्य स्तरीय दलों से, 254 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों से और 138 उम्मीदवार स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, 699 में से 132 उम्मीदवारों ने खुद पर आपराधिक मामले होने की बात स्वीकार की है, जो कुल उम्मीदवारों का 19 प्रतिशत है। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में 672 उम्मीदवारों में से 133 (20 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की थी। इस बार, 81 उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जो कुल उम्मीदवारों का 12 प्रतिशत हैं। 2020 में यह संख्या 104 (15 प्रतिशत) थी।

AAP के 44, BJP के 20 और कांग्रेस के 29 उम्मीदवारों ने आपराधिक मामले घोषित किए

मुख्य राजनीतिक दलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी (AAP) के 70 उम्मीदवारों में से 44 (63 प्रतिशत) ने आपराधिक मामले घोषित किए हैं। कांग्रेस के 70 उम्मीदवारों में से 29 (41 प्रतिशत) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 68 उम्मीदवारों में से 20 (29 प्रतिशत) ने भी यही किया है। इसके अलावा, आप के 70 उम्मीदवारों में से 29 (41 प्रतिशत) ने गंभीर आपराधिक मामले, कांग्रेस के 70 में से 13 (19 प्रतिशत) और भाजपा के 68 में से 9 (13 प्रतिशत) ने अपने हलफनामे में घोषित किए हैं। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि 13 उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामलों की जानकारी दी है, जबकि दो उम्मीदवारों ने हत्या (आईपीसी धारा-302) और पांच ने हत्या के प्रयास (आईपीसी धारा-307) से संबंधित मामलों की बात की है।

पाँच उम्मीदवार हैं अरबपति 

रिपोर्ट के अनुसार,  सबसे अमीर उम्मीदवार शकूरबस्ती से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार करनैल सिंह हैं, जिनकी कुल संपत्ति 259 करोड़ रुपये से अधिक है। इस चुनाव में 699 उम्मीदवारों में से 5 (1%) उम्मीदवार अरबपति हैं। सभी 699 उम्मीदवारों की कुल संपत्ति मिलाकर 3,952 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। राजौरी गार्डन सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा की संपत्ति 248 करोड़ रुपये से अधिक है, वहीं कृष्णा नगर से कांग्रेस उम्मीदवार गुरचरण सिंह ने 130 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है।  चुनाव में भाग ले रहे उम्मीदवारों में सबसे कम संपत्ति वाले व्यक्ति अंबेडकर नगर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार अशोक कुमार और नई दिल्ली से अनीता हैं, जिनकी संपत्ति क्रमश: 6,000 रुपये और 9,000 रुपये बताई गई है। इस चुनाव में तीन उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य घोषित की है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि प्रमुख राजनीतिक दलों में भाजपा के 68 उम्मीदवारों में से 3 (4%), कांग्रेस के 70 उम्मीदवारों में से 1 (1%) और आम आदमी पार्टी (आप) के 70 उम्मीदवारों में से 1 (1%) ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। इसके अलावा, भाजपा के 12%, कांग्रेस के 10%, आप के 9% और निर्दलीय उम्मीदवारों में से 1% ने 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति 5.65 करोड़ रुपये है, जो 2020 के चुनाव में 4.34 करोड़ रुपये थी।

322 उम्मीदवारों ने उच्च शिक्षा प्राप्त की 

ADR द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता पर किए गए विश्लेषण के अनुसार, 699 में से 46 प्रतिशत उम्मीदवारों की शिक्षा कक्षा 5 से कक्षा 12 के बीच है। वहीं, बाकी 46 प्रतिशत उम्मीदवारों ने उच्च शिक्षा प्राप्त की है, जिनकी शैक्षिक योग्यता स्नातक से लेकर डॉक्टरेट तक है। विश्लेषण में सामने आया कि 324 उम्मीदवारों (46 प्रतिशत) ने अपनी शैक्षिक योग्यता कक्षा 5 से कक्षा 12 के बीच घोषित की है, जो बुनियादी स्कूली शिक्षा को दर्शाता है। इसके अलावा, 322 उम्मीदवारों ने उच्च शिक्षा प्राप्त की है, जिनमें से 126 स्नातक, 84 स्नातक पेशेवर और 104 स्नातकोत्तर डिग्री धारक हैं। वहीं, आठ उम्मीदवारों के पास डॉक्टरेट की डिग्री है।


abc