Skip to main content
Source
Lalluram
Author
sazaan
Date
City
Delhi

Delhi Vidhansabha Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए करीब एक सप्ताह का समय बचा हैं। इस बार दिल्ली के चुनावी दंगल में कुल 699 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सबसे ज्यादा उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा सीट पर है, यहां से कुल 23 कैंडिडेट चुनावी मैदान में है। वहीं सबसे कम पटेल नगर और कस्तूरबा नगर में है, इन दोनों सीटों पर 5-5 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आइए दिल्ली के उम्मीदवारों की उम्र और उनकी शैक्षणिक योग्यता पर एक नजर डालते है…

ADR ने जारी की रिपोर्ट

चुनाव अधिकार संगठन एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने एक रिपोर्ट जारी की है। जिसमें ADR ने फरवरी 5 को होने वाले चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशियों की शैक्षिक योग्यता, उम्र और राजनीतिक भागीदारी के बारे में जानकारी दी है। एडीआर के मुताबिक, इस बार के दिल्ली चुनाव में 699 उम्मीदवारों में से 41 से 50 साल के बीच के प्रत्याशी की संख्या सबसे ज्यादा है। वहीं 46 प्रतिशत उम्मीदवारों ने 5वीं से 12वीं के बीच तक पढ़ाई की है।

41-50 आयु वर्ग के 235 उम्मीदवार

ADR की यह रिपोर्ट प्रत्याशियों की ओर से नामांकन पत्रों के साथ दिए गए हलफनामों पर आधारित है। रिपोर्ट के मुताबिक, 41-50 आयु वर्ग के 235 उम्मीदवार इस बार चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि 2020 में यह संख्या 199 थी। 70 साल से ज्यादा उम्र के प्रत्याशियों की संख्या भी बढ़कर 19 हो गई है। जो 2020 में 11 थी। इस बार सबसे उम्रदराज प्रत्याशी 88 साल के राजेंद्र (आम जनमत पार्टी) हैं।

25-30 साल की उम्र के प्रत्याशियों की संख्या में गिरावट

इस बार चुनाव में 25 से 30 साल की आयु वाले उम्मीदवारों की संख्या में गिरावट आई है। साल 2020 में 25-30 आयु वर्ग के प्रत्याशियों की संख्या 57 थी। जो अब घटकर 46 हो गई है। इस आयु वर्ग में सबसे युवा कैंडिडेड भंवना (निर्दलीय) और हर्षद चड्ढा (बहुजन समाज पार्टी) हैं, जो 25 वर्ष के हैं।

46% की शिक्षा 5वीं से 12वीं के बीच

दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ रहे 699 उम्मीदवारों में से 46 प्रतिशत की शिक्षा 5वीं से 12वीं कक्षा के बीच है। ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, उच्च शिक्षा प्राप्त प्रत्याशियों का प्रतिशत भी 46% है। 46% यानी 322 कैंडिडेट ने उच्च शिक्षा ली है। इनमें स्नातक से लेकर डॉक्टरेट तक की डिग्रियां शामिल हैं। 324 उम्मीदवारों ने 5वीं से 12वीं तक पढ़ाई की है। 126 ने ग्रेजुएट, 104 ने पोस्ट ग्रेजुएट, 8 ने डॉक्टरेट तो वहीं 18 प्रत्याशी डिप्लोमा होल्डर है। जबकि 6 कैंडिडेट ने खुद को सिर्फ साक्षर बताया है। वहीं 29 उम्मीदवार अशिक्षित हैं।

AAP ने युवाओं को दी प्राथमिकता, BJP-कांग्रेस ने अनुभवी पर जताया भरोसा

आपको बता दें कि दिल्ली की 70 सीटों पर कुल 699 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सभी 70 सीट तो वहीं भारतीय जनता पार्टी 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बीजेपी ने दो सीट अपने सहयोगी दल की दी है। बात करें युवा चेहरों की तो AAP ने इस बार युवाओं पर भरोसा जताया है। वहीं बीजेपी और कांग्रेस ने अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारा है।

आम आदमी पार्टी ने 50 साल से कम उम्र के प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी है। AAP के 42 उम्मीदवारों की उम्र 50 साल से कम है। इनमें से 10 कैंडिडेट की आयु 25 से 39 साल हैं, जबकि 32 प्रत्याशी 40 से 49 साल की उम्र के हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने भी अपनी तरफ से कई युवा उम्मीदवार उतारे हैं, लेकिन अधिकतर सीटें 50 साल से ऊपर के अनुभवी नेताओं को दी हैं।

 


abc