West Bengal Election 2026 ADR Report: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के लिए ADR की रिपोर्ट में बताया गया है कि 23 प्रतिशत उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस बार 22 प्रतिशत करोड़पति चुनाव लड़ रहे हैं. भाजपा सबसे दागी और टीएमसी सबसे रईस पार्टी बनकर उभरी है.
West Bengal Election 2026 ADR Report: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रण में इस बार धनबल और बाहुबल का दबदबा पिछले चुनावों के मुकाबले काफी बढ़ गया है. चुनाव सुधारों के लिए काम करने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट ने राज्य के राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों की पूरी कुंडली निकाल दी है.
44 प्रतिशत विधानसभा सीटें ‘रेड अलर्ट’
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार बंगाल की 44 प्रतिशत सीटें ‘रेड अलर्ट’ सीटें हैं, जिसका मतलब है कि वहां 3 या उससे अधिक दागी उम्मीदवार आमने-सामने हैं. पिछले चुनाव (2021) की तुलना में रेड अलर्ट सीटों की संख्या में 17 प्रतिशत का भारी उछाल आया है.
भाजपा ने सबसे ‘दागी’ को दिये टिकट, 8 पर रेप का आरोप
एडीआर ने 2,920 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया है, जिसमें 683 (23 प्रतिशत) उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें से 589 (20 प्रतिशत) पर हत्या, अपहरण और बलात्कार जैसे गंभीर आरोप हैं. क्रिमिनल केस वाले लोगों को टिकट देने में भाजपा शीर्ष पर है. उसके 71 प्रतिशत प्रत्याशियों पर केस दर्ज हैं. टीएमसी के 39 फीसदी, माकपा के 47 फीसदी और कांग्रेस के 26 फीसदी प्रत्याशी दागी हैं.
192 पर महिलाओं के खिलाफ अपराध का केस दर्ज
रिपोर्ट के मुताबिक, 192 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के केस हैं. इनमें से 8 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर बलात्कार (Rape) का आरोप है. 35 उम्मीदवारों पर हत्या और 185 पर हत्या के प्रयास के मुकदमे चल रहे हैं.
करोड़पतियों की फौज, औसत संपत्ति में भारी इजाफा
- करोड़पति उम्मीदवार : इस बार 629 (22 प्रतिशत) उम्मीदवार करोड़पति हैं, जो पिछले चुनाव के 18 प्रतिशत से अधिक है.
- टीएमसी के ‘रईस’ : तृणमूल कांग्रेस के सबसे अधिक 72 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं. भाजपा के 49 फीसदी, कांग्रेस के 29 फीसदी और माकपा के 29 फीसदी प्रत्याशी करोड़पतियों की लिस्ट में हैं.
- औसत संपत्ति : बंगाल चुनाव लड़ रहे प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति 1.27 करोड़ रुपए है.
- तृणमूल ने उतारे सबसे ज्यादा करोड़पति : टीएमसी उम्मीदवारों की औसत संपत्ति सबसे ज्यादा 5.39 करोड़ रुपए है. भाजपा की 2.91 करोड़ और कांग्रेस की 1.56 करोड़ रुपए है.
West Bengal Election 2026 ADR Report: जीरो बैलेंस वाले 4 ‘शूरवीर’ और महिला भागीदारी
एक तरफ करोड़ों की संपत्ति वाले नेता हैं, तो 4 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपनी संपत्ति शून्य (Zero) घोषित की है. इनमें मौसमी घोष (निर्दलीय), शहजादी परवीन (WPI), आसिफ हुसैन और एसके हबीब शामिल हैं. महिला उम्मीदवारों की बात करें, तो इस बार केवल 385 (13 प्रतिशत) महिलाएं मैदान में हैं, जो पिछली बार (11 प्रतिशत) से थोड़ा बेहतर है.
शिक्षा और उम्र का गणित
- शिक्षा : 49 प्रतिशत उम्मीदवार स्नातक या उससे अधिक डिग्री वाले हैं, जबकि 30 उम्मीदवार निरक्षर (अनपढ़) हैं.
- उम्र : 54 प्रतिशत उम्मीदवारों की आयु 41 से 60 वर्ष के बीच है. 4 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिनकी उम्र 80 साल से ज्यादा है.
