Skip to main content
Source
खबर गाँव
Author
खबरगांव डेस्क
Date

पश्चिम बंगाल चुनाव में दूसरे चरण (29 अप्रैल) में 23 प्रतिशत उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी में बताया गया है कि 22 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं।

west bengal second round polling

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को पहले और 29 अप्रैल के लिए दूसरे चरण के मतदान होंगे। ऐसे में दूसरे चरण में मैदान में उतरे लगभग 23 फीसदी उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है। वहीं, 22 फीसदी प्रत्याशी करोड़पति हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की एक रिपोर्ट से यह जानकारी सामने आई है। 

एडीआर ने रिपोर्ट में बताया है कि 1,445 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया गया जिनमें से 338 (23 फीसदी) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की है और 295 (20 फीसदी) ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों की घोषणा की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 16 उम्मीदवारों ने हत्या के मामले दर्ज होने की घोषणा की है, जबकि 80 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास का आरोप है।

बीजेपी ने 102 अपराधी छवि वालों को दिया टिकट

एडीआर रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख पार्टियों में से बीजेपी के 141 उम्मीदवारों में से 102 (72 फीसदी), तृणमूल कांग्रेस के 142 उम्मीदवारों में से 49 (35 फीसदी), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के 100 उम्मीदवारों में से 51 (51 फीसदी) और कांग्रेस के 142 उम्मीदवारों में से 37 (26 फीसदी) ने अपने चुनावी हलफनामों में अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की है।

321 उम्मीदवार करोड़पति

राज्य के 142 निर्वाचन क्षेत्रों में से 63 (44 फीसदी) 'रेड अलर्ट' निर्वाचन क्षेत्र हैं, जिनमें तीन या अधिक उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 1,445 उम्मीदवारों में से 321 (22 फीसदी) के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। 

किसके उम्मीदवार ज्यादा अमीर?

एडीआर के अनुसार, प्रमुख पार्टियों में से तृणमूल के 142 उम्मीदवारों में से 103 (73 फीसदी), बीजेपी के 141 उम्मीदवारों में से 73 (52 फीसदी), कांग्रेस के 142 उम्मीदवारों में से 36 (25 फीसदी) और माकपा के 100 उम्मीदवारों में से 33 (33 फीसदी) ने एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति घोषित की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति 1.21 करोड़ रुपये है।

रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख पार्टियों में 142 तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 5.05 करोड़ रुपये, 141 बीजेपी उम्मीदवारों की 3.28 करोड़ रुपये, 100 माकपा उम्मीदवारों की 1.22 करोड़ रुपये और 142 कांग्रेस उम्मीदवारों की 1.04 करोड़ रुपये है।


abc