Skip to main content
Source
Zee News
Author
Saurabh Jha
Date

Bihar Cabinet Richest Minister: बिहार कैबिनेट में कौन है सबसे अमीर और कौन सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री?

Bihar CM Nitish Kumar New Cabinet: बिहार की राजनीति में 20 नवंबर 2025 का दिन खास रहा. नीतीश कुमार ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उनके साथ 26 नए चेहरों ने मंत्री पद संभाला. शपथ ग्रहण के बाद लोगों की दिलचस्पी इस बात को लेकर बढ़ी कि इन मंत्रियों में कौन सबसे संपन्न है और किसके पास सबसे कम संपत्ति है. MyNeta पोर्टल पर उपलब्ध शपथ से पहले दाखिल किए गए हलफनामों के आधार पर यह जानकारी सामने आई है.

सबसे अमीर मंत्री संजय कुमार सिंह, करोड़ों की संपत्ति
सूची में सबसे ऊपर संजय कुमार सिंह का नाम है. उनके पास लगभग 45 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति दर्ज है, जबकि उन पर करीब 16 करोड़ रुपये की देनदारी भी है. उनके पास लगभग 8.6 लाख रुपये नकद मौजूद हैं और बैंकों में 35 लाख रुपये से थोड़ा ज्यादा जमा हैं. उन्होंने शेयर, डिबेंचर, बांड आदि में करीब 6.7 करोड़ रुपये का निवेश कर रखा है. इसके अलावा उनके पास लगभग 2 करोड़ रुपये की कृषि भूमि भी है, जो उनकी कुल संपत्ति को और बढ़ाती है.

रमा निषाद भी शीर्ष अमीर मंत्रियों में शामिल
दूसरे स्थान पर रमा निषाद आते हैं, जिनकी कुल संपत्ति लगभग 31 करोड़ रुपये है. उनकी देनदारी करीब 75 लाख रुपये है. उनके पास लगभग 90 हजार रुपये नकद हैं, जबकि बैंक बैलेंस 1.33 करोड़ रुपये से अधिक है. उन्होंने हाजीपुर राष्ट्र बचत योजना में 33 लाख रुपये का निवेश किया है. संपत्ति में 2 किलो सोना और 6 किलो चांदी शामिल है, जिनकी कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है.

विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी की कुल संपत्ति
विजय कुमार सिन्हा की कुल संपत्ति 11.62 करोड़ रुपये से अधिक है. उनके पास करीब 1.25 लाख रुपये नकद और 59 लाख रुपये बैंक खातों में जमा हैं. निवेश की बात करें तो उन्होंने करीब 91 लाख रुपये शेयर और बांड में लगाए हुए हैं. दूसरी ओर, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कुल संपत्ति 11.34 करोड़ रुपये के आसपास है. उनके पास 1.71 लाख रुपये नकद हैं और बैंकों में 26 लाख रुपये का बैलेंस है.

सबसे कम संपत्ति वाले मंत्रियों में संजय सिंह और संजय कुमार
कैबिनेट में शामिल सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री संजय सिंह हैं, जिनकी कुल संपत्ति 31 लाख रुपये से थोड़ी ज्यादा दर्ज की गई है. उनके पास 45 हजार रुपये नकद और करीब 22.95 लाख रुपये बैंक खातों में जमा हैं.
दूसरे स्थान पर संजय कुमार आते हैं, जिनकी कुल संपत्ति 22.30 लाख रुपये है. उनके पास 75 हजार रुपये नकद हैं और बैंक में केवल 25 हजार रुपये के करीब रकम है. उनके पास XUV 700, Royal Enfield और Hero Xtreme जैसी तीन गाड़ियां भी हैं, जिनकी कीमत मिलाकर करीब 21 लाख रुपये होती है.


abc