Skip to main content
Source
Hasdeo Express
Author
Bhuvneshwar Mahto
Date

नीतीश सरकार ने आज नवनियुक्त मंत्रियों को विभागों को बंटवार कर दिया है जिसमें से 88 फीसदी मंत्री करोड़पति हैं। जिसमें औराई से निर्वाचित रमा निषाद के पास सर्वाधिक 31.86 करोड़ की संपत्ति है। जबकि, सबसे कम बखरी से निर्वाचित संजय कुमार के पास 22.30 लाख रुपए की संपत्ति है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और बिहार इलेक्शन वॉच ने शपथपत्रों के आधार पर रिपोर्ट जारी की है।

एडीआर की रिपोर्ट में जिन 24 मंत्रियों की संपत्ति का विश्लेषण किया गया उनमें भाजपा के 13 में 11, जदयू के 8 में 8, हम के 1 में 1, लोजपा-रामविलास के 2 में 1 करोड़पति हैं। मंत्रियों की औसत संपत्ति 5.32 करोड़ रुपए है। रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा के 13 मंत्रियों के पास औसतन 6.91 करोड़ जबकि जदयू के 8 मंत्रियों के पास औसतन 3.19 करोड़, लोजपा-रामविलास के 2 मंत्रियों के पास औसतन 3.76 करोड़ और हम के 1 मंत्री के पास 4.66 करोड़ की संपत्ति है। एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार 63 प्रतिशत (15) मंत्रियों ने अपनी देनदारी भी घोषित की है। लखीसराय से निर्वाचित विजय कुमार सिन्हा के पास सर्वाधिक 82.33 लाख रुपए की देनदारी है।

👉 46 प्रतिशत मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज

एडीआर के अनुसार, 46 प्रतिशत (11) मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज है। वहीं, 38 प्रतिशत (9) मंत्रियों के ऊपर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है। इनमें भाजपा के 13 में 6 में मंत्रियों पर आपराधिक मामले और 6 मंत्रियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जदयू के 8 में दो पर आपराधिक मामले तो 1 पर गंभीर आपराधिक मामले, हम के एक मंत्री पर आपराधिक एवं गंभीर आपराधिक, लोजपा- रामविलास के दोनों मंत्रियों पर आपराधिक मामले और इनमें से एक पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

👉 79 प्रतिशत मंत्रियों की उम्र 51 से 80 साल

रिपोर्ट के मुताबिक 79 प्रतिशत (19) मंत्रियों की उम्र 51 से 80 वर्ष के बीच की है। जबकि, 21 प्रतिशत (5) मंत्रियों की आयु 30 से 50 वर्ष के बीच की है। वहीं, 63 प्रतिशत (15) मंत्रियों की शैक्षणिक योग्यता स्नातक और इससे अधिक है। 33 प्रतिशत (8) मंत्रियों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 10 वीं से 12 वीं के बीच और एक मंत्री ने डिप्लोमा घोषित की है। नवगठित मंत्रिमंडल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 11 प्रतिशत (3) है। 27 में 3 महिला विधायक मंत्री बनाई गई हैं।


abc