Skip to main content
Source
Republic Bharat
Author
Sagar Singh
Date

ADR report: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने सोमवार को देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सभी 31 वर्तमान मुख्यमंत्रियों की एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति, पढ़ाई-लिखाई और क्रिमिनल रिकॉर्ड समेत वो तमाम जानकारी दी गई हैं, जो उन्होंने अपने पिछले चुनाव लड़ने से पहले दायर किए गए हलफनामों में साझा की थी।

देश के 31 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रति मुख्यमंत्री की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपये है। भारत की प्रति व्यक्ति शुद्ध राष्ट्रीय आय 2023-2024 के लिए करीब 1,85,854 रुपये थी, जबकि एक मुख्यमंत्री की औसत स्व-आय 13,64,310 रुपये है। ये आंकड़ा भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय का करीब 7.3 गुना है।

तीन सबसे अमीर मुख्यमंत्री

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू 332 करोड़ रुपये से अधिक की कुल संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया 51 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

3 सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री

देश के सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री की लिस्ट में पहले नंबर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। ममता बनर्जी सिर्फ 15 लाख रुपये की संपत्ति के साथ सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला 55 लाख रुपये की संपत्ति के साथ सूची में दूसरे सबसे गरीब मुख्यमंत्री हैं, जबकि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन 1.18 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं।

किसपर कितनी देनदारी?

ADR रिपोर्ट के अनुसार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भले ही दूसरे सबसे अमीर सीएम हों, लेकिन उनके ऊपर सबसे ज्यादा 180 करोड़ रुपये की देनदारी भी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सिद्धरमैया पर 23 करोड़ रुपये और नायडू पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां हैं।

31 मुख्यमंत्रियों में कौन कितना पढ़ा-लिखा?

मुख्यमंत्रियों के पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो राज्य की सत्ता में 10वीं पास से लेकर डॉक्टरेट की डिग्री धारी नेता है। सबसे कम पढ़े लिखे मुख्यमंत्रियों में छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय आते हैं। विष्णु देव साय देश के एकमात्र ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो 10वीं पास हैं। वहीं इसके बाद पंजाब सीएम भगवंत मान, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और केरल सीएम पिनाराई विजयन का नंबर आता है। ये तीनों सीएम 12वीं पास हैं। इसके अलावा गुजरात के सीएम भुपेंद्र सिंह पटेल ने डिप्लोमा किया हुआ है।

वहीं देश के सबसे पढ़े-लिखे मुख्यमंत्रियों में असम सीएम हिमंता विश्वा सरमा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम है। इनके पास डॉक्टरेट की डिग्री है।

मुख्यमंत्रियों पर क्रिमिनल केस

ADR रिपोर्ट में कहा गया है कि 13 (42 प्रतिशत) मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि 10 (32 प्रतिशत) ने गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, अपहरण, रिश्वतखोरी और आपराधिक धमकी से संबंधित मामले शामिल हैं।

देश के 31 मुख्यमंत्रियों में से केवल दो महिलाएं पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी और दिल्ली की मुख्यमंत्री अतिशी हैं।


abc