उत्तराखंड विधानसभा की 70 सीटों के लिए चुनाव मैदान में उतरे कुल 637 उम्मीदवारों में से 200 करोड़पति हैं। कांग्रेस के सबसे अधिक 52 उम्मीदवार, भाजपा के 48, बसपा के 19 और यूकेडी के 13 प्रत्याशी करोड़पति हैं। कांग्रेस के करोड़पति उम्मीदवारों का प्रतिशत 74, जबकि भाजपा का 69 प्रतिशत है।
चुनाव मैदान में उतरे कुल 261 में से 20 प्रतिशत निर्दलीय उम्मीदवार भी करोड़पति हैं। विधानसभा चुनाव लड़ रहे 34 उम्मीदवारों की आय पांच करोड़ से ज्यादा है। जबकि 73 की संपत्ति 2 करोड़ से 5 करोड़ के बीच है। 189 प्रत्याशियों की संपत्ति 50 लाख से 2 करोड़ के बीच, जबकि 179 प्रत्याशियों की संपत्ति 10 लाख से कम है।
सतपाल महाराज के पास सबसे अधिक संपत्ति
चुनाव मैदान में उतरे 637 प्रत्याशियों में से सबसे अधिक संपत्ति भाजपा नेता सतपाल महाराज की है। महाराज ने अपनी कुल संपत्ति 80 करोड़ से ज्यादा दिखाई है। जिसमें से 73 करोड़ अचल और 6 करोड़ के करीब चल संपत्ति है। श्रीनगर सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे मोहन काला संपत्ति के मामले में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 75 करोड़ से ज्यादा दिखाई है। तीसरा नम्बर शैलेंद्र मोहन सिंघल का है। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 35 करोड़ से ज्यादा दिखाई है।