नई दिल्ली. हरियाणा विधानसभा के चुनावी नतीजे आ गए हैं, जिसमें करोड़पति विधायकों की संख्या में इजाफा हुआ है। चुनाव के नवनिर्वाचित 90 विधायकों में से 84 करोड़पति हैं। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक विधानसभा में चुने गए 90 विधायकों में से 75 की संपत्ति एक करोड़ रुपए से ज्यादा है। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में करोड़पति विधायकों की संख्या में 10 फीसदी का इजाफा हुआ है। इसके अनुसार हरियाणा में प्रति मौजूदा विधायकों की संपत्ति का औसत 18.29 करोड़ रुपए है जबकि 2014 में यह 12.97 करोड़ रुपए था।
90 विधायकों में से 12 पर आपराधिक मामले
भाजपा के 40 में से 37 विधायक और कांग्रेस के 31 में से 29 विधायक करोड़पति हैं। दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जजपा) के 10 विधायक सबसे अमीर हैं जिनकी औसत संपत्ति 25.26 करोड़ रुपए है। रिपोर्ट के अनुसार 57 विधायकों की उम्र 41 से 50 वर्ष के बीच है, 62 विधायकों के पास स्नातक या उससे ऊपर की डिग्री है। रिपोर्ट के अनुसार, 90 विधायकों में से 12 पर आपराधिक मामले चल रहे हैं जबकि निवर्तमान विधानसभा में ऐसे विधायकों की संख्या नौ है। इसके अनुसार आपराधिक मामलों का सामना कर रहे विधायकों में से चार कांग्रेस से, दो भाजपा से और एक जजपा से हैं।