Skip to main content
Source
Live Hindustan
https://www.livehindustan.com/jharkhand/story-millionaires-candidates-in-jharkhand-lok-sabha-election-2024-adr-report-9987977.html
Author
Devesh Mishra
Date

कांग्रेस के चतरा प्रत्याशी के.एन.त्रिपाठी की कुल संपत्ति 70 करोड़ से अधिक की है। इसमें चल संपत्ति 1.19 करोड़ से अधिक की और अचल संपत्ति 69.72 करोड़ रुपए से अधिक की है।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण (झारखंड में दूसरे फेज) में 20 मई को तीन संसदीय सीटों पर वोट डाले जाएंगे। यह सीटें चतरा, कोडरमा और हजारीबाग हैं। इन सीटों पर कुल 54 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और द नेशनल इलेक्शन वॉच ने 54 प्रत्याशियों के शपथ पत्र का विश्लेषण कर सोमवार को रिपोर्ट जारी की है।

रिपोर्ट के मुताबिक कुल 54 उम्मीदवारों में से करोड़पति की संख्या 21 (39 प्रतिशत) हैं। सभी 54 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 3.52 करोड़ रुपए की है। कांग्रेस पार्टी के दोनों उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 36 करोड़ रुपए से अधिक की है। कुल 27 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 18 (33 प्रतिशत) उम्मीदवार ऐसे हैं, जो आपराधिक मामले वाले हैं। वहीं, 9 उम्मीदवार (17 प्रतिशत) पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बता दें कि तीनों ही सीटों पर आमने-सामने की लड़ाई एनडीए और इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों के बीच है। इंडिया गठबंधन की ओर से कांग्रेस ने चतरा से कृष्णा नंद त्रिपाठी और हजारीबाग से जय प्रकाश भाई पटेल और भाकपा माले ने कोडरमा से विनोद सिंह को उतारा है। भाजपा ने चतरा से काली चरण सिंह, हजारीबाग से मनीष जायसवाल और कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी को उम्मीदवार बनाया है।

21 उम्मीदवार के पास एक करोड़ या इससे अधिक
रिपोर्ट के मुताबिक तीनों सीटों पर उतरे 54 प्रत्याशियों में से 21 (39 प्रतिशत) ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति 1 करोड़ रुपए से अधिक की है। निर्दलीय 6 उम्मीदवार इस सूची में शामिल हैं। भाजपा के तीनों और कांग्रेस को दोनों प्रत्याशी भी करोड़पति हैं। भाकपा (माले) के प्रत्याशी करोड़पति की सूची में नहीं है। सभी उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 3.52 करोड़ बतायी गई है। भाजपा के तीनों प्रत्याशी की औसत संपत्ति 19 करोड़ रुपए से अधिक की है। वहीं, कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 36 करोड़ से अधिक, भाकपा (माले) प्रत्याशी की औसतन संपत्ति 55 लाख से अधिक की है।

केएन त्रिपाठी सबसे अधिक अमीर प्रत्याशी
कांग्रेस के चतरा प्रत्याशी के.एन.त्रिपाठी की कुल संपत्ति 70 करोड़ से अधिक की है। इसमें चल संपत्ति 1.19 करोड़ से अधिक की और अचल संपत्ति 69.72 करोड़ रुपए से अधिक की है। हजारीबाग से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल की कुल संपत्ति 36 करोड़ से अधिक और कोडरमा से भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी की 12 करोड़ से अधिक है। सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी कोडरमा सीट से राजेश हैं। उनकी कुल संपत्ति 26 हजार से अधिक की है। वे निर्दलीय चुनावी मैदान में हैं।

8 निर्दलीय प्रत्याशी पर अधिक आपराधिक मामले
54 उम्मीदवारों में से 22 उम्मीदवार निर्दलीय चुनावी मैदान में है। इनमें सबसे अधिक 8 प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में भाजपा के तीन प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज है। भाजपा के एक प्रत्याशी ऐसे हैं, जिस पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। कांग्रेस के दोनों उम्मीदवारों पर आपराधिक और गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। भाकपा (माले) के एक प्रत्याशी पर केवल आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वार्षिक आय घोषित करने वाले में मनीष पहले स्थान पर
देनदारी की बात करें तो सबसे अधिक मनीष जायसवाल की कुल 36 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर 5 करोड़ रुपए से अधिक की देनदारी और 3 करोड़ रुपए से अधिक की विवादित देनदारी है। इस सूची में दूसरे स्थान पर चतरा से भाजपा प्रत्याशी काली चरण सिंह हैं। इन पर देनदारी 4 करोड़ से अधिक की और एक भी विवादित देनदारी नहीं है। वहीं, आय विवरण में सबसे अधिक वार्षिक आय घोषित करने वाले उम्मीदवारों में मनीष जायसवाल पहले स्थान पर हैं।

रिपोर्ट में कुल 54 उम्मीदवारों में से 21 (39 प्रतिशत) की शैक्षणिक योग्यता 8वीं और 12वीं के बीच की है। 30 (56 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता स्नातक और इससे ज्यादा की बतायी है। इनमें 15 ग्रेजुएट और 12 उम्मीदवार पोस्ट ग्रेजुएट हैं। 3 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता केवल साक्षर बताई है।