Skip to main content
Source
News Track
https://newstrack.com/elections3/in-sixth-phase-of-ls-elections-2024-39-percent-candidates-are-millionaires-naveen-jindal-is-richest-candidate-442893
Author
Ashish Kumar Pandey
Date

ADR Report: बीजू जनता दल (बीजद) के उम्मीदवार संतृप्त मिश्रा ने 482 करोड़ और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार सुशील गुप्ता ने 169 करोड़ की संपत्ति घोषित की है।

ADR Report: 2024 के लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान 25 मई को होना है। इस चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे 39 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं, जिनकी औसत संपत्ति 6.21 करोड़ है। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे नवीन जिंदल सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। दरअसल, इस चरण में 866 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें से 338 करोड़पति हैं।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे में कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल ने 1,241 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। वहीं, बीजू जनता दल (BJD) के संतृप्त मिश्रा ने 482 करोड़ और इंडिया गठबंधन के सुशील गुप्ता ने 169 करोड़ की संपत्ति घोषित की है।

भाजपा के सबसे अधिक करोड़पति प्रत्याशी

बड़ी पार्टियों में बीजद के सभी छह उम्मीदवार, राजद और जदयू के चार-चार, भाजपा के 51 में से 48 (94प्रतिशत) प्रत्याशी करोड़पति हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के 12 में से 11, कांग्रेस के 25 में से 20 आम आदमी पार्टी (आप) के पांच में से 4 और तृणमूल के 9 में से 7 प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग में दाखिल अपने हलफनामे में एक करोड़ से अधिक की संपत्ति घोषित की है।

180 के खिलाफ आपराधिक मामले

छठे चरण के चुनाव में 866 उम्मीदवारों में से लगभग 180 (21 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। 866 में से 141 (16 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। कम से कम 12 उम्मीदवारों ने ऐसे मामलों की घोषणा की है, जिनमें उन्हें दोषी ठहराया गया है और छह उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ हत्या (आईपीसी धारा -302) से संबंधित मामले घोषित किए हैं।