Skip to main content
Source
Navodayatimes
Author
Murari
Date
City
New Delhi

क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को वर्ष 2024-25 में 20,000 रुपए से अधिक के घोषित चंदे में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय दलों को इस अवधि में 1,051.56 करोड़ रुपए का घोषित चंदा मिला, जो पिछले वित्त वर्ष 2023-24 के 347.69 करोड़ रुपए की तुलना में तीन गुना से अधिक है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2024-25 में क्षेत्रीय दलों को 20,000 रुपए से अधिक के 5,297 चंदे मिले, जबकि 2023-24 में इनकी संख्या 2,861 थी। इस तरह चंदे की संख्या में करीब 85 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु की तत्कालीन सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सबसे अधिक चंदा प्राप्त करने वाली क्षेत्रीय पार्टी रही। पार्टी ने वर्ष 2024-25 में 365.78 करोड़ रुपए का घोषित चंदा मिलने की जानकारी दी।

इसके बाद तृणमूल कांग्रेस को 184.96 करोड़ रुपए और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी को 140.04 करोड़ रुपए का चंदा मिला। गौरतलब है कि वर्ष 2023-24 में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सबसे अधिक चंदा पाने वाली क्षेत्रीय पार्टी थी, जिसे 100.19 करोड़ रुपए मिले थे।

कॉरपोरेट दान में भी भारी बढ़ोतरी

एडीआर की रिपोर्ट बताती है कि क्षेत्रीय दलों के वित्तपोषण में कॉरपोरेट और कारोबारी घरानों की भूमिका सबसे अहम रही। वर्ष 2024-25 में कॉरपोरेट क्षेत्र से क्षेत्रीय दलों को 644.93 करोड़ रुपए का चंदा मिला, जबकि एक वर्ष पहले यह राशि 227.61 करोड़ रुपए थी। यानी कॉरपोरेट चंदे में भी लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है।

राजनीतिक फंडिंग पर उठते रहे हैं सवाल

एडीआर का कहना है कि क्षेत्रीय दलों को मिलने वाले चंदे में तेजी से हुई बढ़ोतरी और कॉरपोरेट दान की बढ़ती हिस्सेदारी राजनीतिक फंडिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही की बहस को फिर से तेज कर सकती है। रिपोर्ट इस बात की ओर भी संकेत करती है कि क्षेत्रीय दलों के लिए बड़े दानदाताओं का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है।

व्यक्तिगत दान बढ़ा, लेकिन राशि घटी

दोनों वर्षों में सबसे अधिक संख्या व्यक्तिगत दानदाताओं की रही। इस दौरान कुल 5,647 व्यक्तिगत दान दर्ज किए गए। हालांकि, इनका कुल योगदान केवल 193.95 करोड़ रुपए रहा, जो कुल चंदे का लगभग 14% है। एडीआर ने कहा कि 2024-25 में व्यक्तिगत दान देने वालों की संख्या तो बढ़ी, लेकिन उनके द्वारा दी गई कुल राशि में गिरावट दर्ज की गई।


abc