एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की हालिया रिपोर्ट में देशभर के मुख्यमंत्रियों को उनकी संपत्ति के आधार पर सूचीबद्ध किया गया है। इसमें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को सबसे अमीर मुख्यमंत्री बताया गया है, जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सबसे गरीब मुख्यमंत्री का दर्जा मिला है। इस रिपोर्ट के बाद तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। डेरेक ओ'ब्रायन ने मंगलवार को कहा कि ममता बनर्जी की कहानी "कोई साधारण कहानी नहीं है"। एडीआर की रिपोर्ट में ममता बनर्जी को भारत की सबसे गरीब मुख्यमंत्री बताया गया है, जिनकी संपत्ति सिर्फ 15 लाख रुपये से थोड़ी अधिक है। ओ'ब्रायन ने एक बयान में कहा, "ममता बनर्जी का जीवन और समय सिर्फ़ भारतीय या एशियाई मानदंडों के हिसाब से अनुकरणीय नहीं है। कोलकाता की एक गली में अपने साधारण घर से करुणा के साथ पोषित निस्वार्थ सार्वजनिक सेवा का उनका रिकॉर्ड ऐसा है जिसकी बराबरी दुनिया का कोई भी लोक सेवक नहीं कर सकता। उनकी कहानी कोई साधारण कहानी नहीं है।" 15 लाख रुपये से थोड़ी ज्यादा है ममता की संपत्ति टीएमसी सांसद की यह टिप्पणी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें ममता बनर्जी को देश की सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री बताया गया है, जो सिर्फ 15 लाख रुपये से थोड़ी सी ज्यादा है। चंद्रबाबू नायडू देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री एडीआर रिपोर्ट के अनुसार, आंध्र प्रदेश के एन चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, दूसरे नंबर पर अरुणाचल प्रदेश के पेमा खांडू हैं, जिनकी संपत्ति 332 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 51 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला 55 लाख रुपये की संपत्ति के साथ सूची में दूसरे सबसे गरीब हैं, जबकि केरल के पिनाराई विजयन 1.18 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपये एडीआर की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि राज्य विधानसभाओं और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक मुख्यमंत्री की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपये है। वहीं, भारत की प्रति व्यक्ति शुद्ध राष्ट्रीय आय (NNI) 2023-2024 के लिए लगभग 1,85,854 रुपये थी, जबकि एक मुख्यमंत्री की औसत स्व-आय 13,64,310 रुपये है, जो भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय का लगभग 7.3 गुना है।
