एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की एक रिपोर्ट में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री बताए जाने के बाद उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता डेरेक ओ ब्रायन (Derek O'Brien) ने मंगलवार को कहा कि ममता की कहानी 'कोई साधारण कहानी नहीं है। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। ममता का नि:स्वार्थ सार्वजनिक सेवा का रिकॉर्ड : तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ' ब्रायन ने एक बयान में कहा कि ममता बनर्जी का जीवन सिर्फ भारतीय या एशियाई मानदंडों के हिसाब से ही अनुकरणीय नहीं है। कोलकाता की एक गली में अपने साधारण घर से करुणा के साथ नि:स्वार्थ सार्वजनिक सेवा का उनका रिकॉर्ड ऐसा है जिसकी बराबरी दुनिया में कोई भी लोक सेवक नहीं कर सकता। उनकी कहानी कोई साधारण कहानी नहीं है- 100 सालों में एक बार ही ऐसा होता है। चंद्रबाबू सबसे अमीर सीएम, ममता के पास केवल 15 लाख रुपए : एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं जबकि ममता बनर्जी सिर्फ 15 लाख रुपए की संपत्ति के साथ सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। पेमा खांडू दूसरे और सिद्धरमैया तीसरे स्थान पर : अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू 332 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया 51 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला 55 लाख रुपए की संपत्ति के साथ सबसे कम संपत्ति के मामले में दूसरे मुख्यमंत्री हैं जबकि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन 1.18 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं।
