Skip to main content
Source
दैनिक भास्कर
Date
City
Patna

एडीआर की रिपोर्ट का खुलासा... 31 मंत्रियों में 9 पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर केस

बिहार की नई सरकार के मंत्रियों की कुंडली सार्वजनिक हुई। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और बिहार इलेक्शन वॉच ने नए मंत्रिमंडल की रिपोर्ट जारी की है। यह रिपोर्ट 2025 के विधानसभा चुनाव के शपथ पत्रों पर आधारित है। रिपोर्ट से साफ है कि सत्ता में धन और बल का दबदबा बरकरार है। बिहार के 35 में से 31 मंत्रियों की पृष्ठभूमि का विश्लेषण किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 47% मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, 28 मंत्री (90%) करोड़पति हैं।

चार मंत्रियों का डेटा उपलब्ध नहीं है। इसका कारण यह है कि 2 मंत्री किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। 2 अन्य मनोनीत विधान पार्षद हैं। इसलिए इनकी संपत्ति और मुकदमों का विवरण सार्वजनिक नहीं है।

अपराध: भाजपा के 47% तो जदयू के 38% मंत्री दागी

मंत्रिमंडल में आपराधिक छवि वाले मंत्रियों की संख्या चिंताजनक है। भाजपा के 15 में से 7 (47%) मंत्रियों पर केस दर्ज है। 5 पर गंभीर धाराएं लगी हैं। जदयू के 13 मंत्रियों में से 5 (38%) दागी हैं। लोजपा (आर) के दोनों विश्लेषित मंत्री व हम (से.) के एकमात्र मंत्री संतोष कुमार सुमन पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

शिक्षा-उम्र: अनुभव को तरजीह, महिलाओं की हिस्सेदारी 14%

मंत्रियों की शिक्षा की बात करें तो 22 मंत्री (71%) ग्रेजुएट या उससे अधिक पढ़े-लिखे हैं। 8 मंत्री सिर्फ 10वीं या 12वीं पास हैं। 25 मंत्री (81%) 51 से 80 वर्ष के बीच हैं। सिर्फ 5 (14%) महिलाएं ही मंत्री पद तक पहुंच पाई हैं।

राजनीति में ‘धन व बाहुबल’ का तिलिस्म मजबूत

बिहार की राजनीति में अपराध और पैसे का गठजोड़ टूटने के बजाय और मजबूत हुआ है। मंत्रिमंडल के हर दूसरे सदस्य पर क्रिमिनल केस होना और 90% मंत्रियों का करोड़पति होना इसी का प्रमाण है। दूसरी तरफ, महिला सशक्तीकरण के बड़े-बड़े दावों के बीच महिलाओं को मंत्रिमंडल में मात्र 14% जगह मिलना एक बड़ी विफलता है। 81% मंत्रियों का 50 की उम्र पार कर चुके होना यह भी दर्शाता है कि राजनीति में नए और युवा चेहरों के लिए दरवाजे अभी भी आसानी से नहीं खुल रहे हैं।

धनबल: रमा निषाद सबसे अमीर, संजय सबसे ‘गरीब’

आर्थिक मोर्चे पर नया मंत्रिमंडल बेहद रसूखदार है। मंत्रियों की औसत संपत्ति 6.32 करोड़ रुपए है। औराई से मंत्री रमा निषाद शीर्ष पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 31.86 करोड़ है। दूसरे नंबर पर शिवहर की श्वेता गुप्ता हैं। उनके पास 28.40 करोड़ की संपत्ति है। बखरी के संजय कुमार सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री हैं। उनके पास 22.30 लाख की संपत्ति है।


abc