Source: 
दैनिक जागरण
https://www.jagran.com/odisha/bhubaneshwar-naveen-patnaik-is-the-third-richest-chief-minister-of-the-country-23384174.html
Author: 
Date: 
13.04.2023
City: 
Bhubaneswar

देश के 28 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 30 मुख्यमंत्रियों में से 29 करोड़पति हैं। जम्मू-कश्मीर में अभी कोई मुख्यमंत्री नहीं है इसलिए एडीआर द्वारा 30 मुख्यमंत्रियों के चुनावी हलफनामों की जांच से पता चला है कि 29 यानि 97 प्रतिशत मुख्यमंत्री करोड़पति हैं। मुख्यमंत्रियों की संपत्ति का औसत मूल्य 33.96 करोड़ रुपये है।

नवीन पटनायक ने तीसरा स्‍थान किया हासिल

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक शीर्ष तीन मुख्यमंत्रियों में तीसरे स्थान पर हैं। नवीन पटनायक की संपत्ति 63.87 करोड़ रुपये है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं और उनकी संपत्ति 510.38 करोड़ रुपये है। रेड्डी के बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की कुल संपत्ति 163.50 करोड़ रुपये है।

इन मुख्‍यमंत्रियों के पास है सबसे कम संपत्ति

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तीन ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने सबसे कम संपत्ति घोषित की है। ममता की संपत्ति 15 लाख रुपये है। पिनाराई विजयन की संपत्ति की कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि मनोहरलाल खट्टर की संपत्ति का मूल्य भी 1 करोड़ रुपये से अधिक है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास 1.54 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जबकि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास 7.66 करोड़ रुपये की संपत्ति है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी संपत्ति की कीमत तीन करोड़ रुपये घोषित की है।

इन मुख्‍यमंत्रियों के पर एक से बढ़कर एक आपराधिक मामले दर्ज

रिपोर्ट के अनुसार, 30 मुख्यमंत्रियों में से 13 और 43 प्रतिशत मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ बहुत गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) के खिलाफ सबसे अधिक 101 आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसके बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के खिलाफ 57 आपराधिक मामले हैं।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ 73 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि एकनाथ शिंदे के खिलाफ 19 मामले दर्ज हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मुख्‍यमंत्रियों की शिक्षा का लेखा-जोखा

इसी तरह मुख्यमंत्रियों की शैक्षणिक योग्यता के सत्यापन से पता चला है कि 37 प्रतिशत मुख्यमंत्री स्नातक हैं। तीन ने 12वीं कक्षा पास की है जबकि नौ पोस्ट ग्रेजुएट हैं। एक के पास डिप्लोमा की डिग्री है जबकि एक के पास डॉक्टरेट की डिग्री है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा ने डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। 30 मुख्यमंत्रियों में ममता बनर्जी एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं।

© Association for Democratic Reforms
Privacy And Terms Of Use
Donation Payment Method