CM Sukhu Property: हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ADR रिपोर्ट पर भाजपा पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश हो रही है. सीएम ने अपनी संपत्ति और शिक्षा पर स्पष्टीकरण दिया. एडीआर रिपोर्ट में उत्तर भारत के सबसे अमीर सीएम की लिस्ट जारी की गई थी. इसमें सुक्खू पहले नंबर पर हैं और अब भाजपा उन्हें इस मुद्दे पर घेर रही है.
उत्तर भारत में सुखविंदर सिंह सुक्खू सबसे अमीर सीएम है. एडीआर की रिपोर्ट को लेकर अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्रतिक्रिया आई है और उन्होंने भाजपा पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि ADR रिपोर्ट के बहाने उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी है और अपनी सभी संपत्तियों का विवरण पहले ही चुनावी एफिडेविट में दे चुके हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस जमीन का जिक्र किया जा रहा है, वह उन्होंने पहले ही खरीदी थी. समय के साथ उसकी कीमत 12 लाख रुपये से अधिक हो गई और उसी जमीन पर उन्होंने अपना मकान बनाया, जिसकी कीमत भी समय के साथ बढ़ी है. उन्होंने कहा कि यह पूरी जानकारी पहले से सार्वजनिक है. मुख्यमंत्री का कहना है कि ADR रिपोर्ट में उनकी शैक्षणिक योग्यता की जानकारी भी अधूरी है. रिपोर्ट में उनकी एमए और एलएलबी की डिग्रियों का उल्लेख नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि इस गलती को सुधारा जाना चाहिए.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा के पास ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां हैं. पहले भी उनकी जांच हो चुकी है और यदि भाजपा चाहे तो अब भी जांच करा सकती है. उन्होंने कहा कि उन्होंने मेहनत और ईमानदारी से पैसा कमाया है और रिपोर्ट को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. सीएम ने कहा कि उनकी संपति कम हुई है.
एक अन्य सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस का कोई विधायक भाजपा में जाना चाहता है तो वह जा सकता है. कांग्रेस को विचारधारा से जुड़े लोगों की जरूरत है, बिकने वालों की नहीं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के विधायक भी टिकट के लिए लगातार संपर्क करते रहते हैं, लेकिन कांग्रेस “पेपर लीक और चंदा चोर” वाली भाजपा से किसी नेता को शामिल नहीं करेगी.
एडीआर की रिपोर्ट में क्या था
एडीआर की रिपोर्ट में बताया गया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कुल संपत्ति 7 करोड़ 81 लाख रुपये है. उन पर करीब 22 लाख रुपये का कर्ज है. सीएम हर साल 17 लाख रुपये कमाते हैं. सीएम की पढ़ाई को लेकर रिपोर्ट में बताया गया है कि वह पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उन्होंने लॉ की पढ़ाई की है. उत्तर भारत में नायब सैनी सबसे दूसरे अमीर सीएम हैं.
