Top 10 Richest MLA in India: एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी ADR ने भारत के सबसे धनी MLA की लेटेस्ट रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट के अनुसार देश के सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में दक्षिणी राज्यों का दबदबा है, जिसमें कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के नेता सबसे आगे हैं. एक मजेदार बात ये भी है कि देश में सबसे अमीर और सबसे गरीब दोनों विधायक भाजपा के पास ही हैं. एडीआर रिपोर्ट का कहना है कि विधायकों के बीच वित्तीय असमानता बहुत ज्यादा है. सबसे अमीर और सबसे कम अमीर विधायकों के बीच 3,382 करोड़ रुपये से ज्यादा का अंतर है.
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र के घाटकोपर ईस्ट से भाजपा विधायक पराग शाह को भारत का सबसे अमीर विधायक घोषित किया गया है, जिनकी संपत्ति ₹3,383 करोड़ है. इसके विपरीत, पश्चिम बंगाल के इंडस से भाजपा के निर्मल कुमार धारा के पास सबसे कम घोषित संपत्ति है, जो सिर्फ ₹1,700 है. बता दें कि हर नेता चुनाव लडने से पहले अपनी संपत्ति को स्वयं-शपथ पत्र पर घोषित करता है. ADR की ये रिपोर्ट उसी पर आधारित है. एडीआर ने रिपोर्ट में 28 राज्य विधानसभाओं और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के 4,092 विधायकों का विश्लेषण किया है.
Top 10 सबसे धनी MLA कौन हैं
1. पराग शाह (भाजपा, महाराष्ट्र) – ₹3,383 करोड़
2. डी.के. शिवकुमार (कांग्रेस, कर्नाटक) – ₹1,413 करोड़
3. के.एच. पुट्टस्वामी गौड़ा (निर्दलीय, कर्नाटक) – ₹1,267 करोड़
4. प्रियकृष्ण (कांग्रेस, कर्नाटक) – ₹1,156 करोड़
5. एन. चंद्रबाबू नायडू (टीडीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹931 करोड़
6. पोंगुरु नारायण (टीडीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹824 करोड़
7. वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी (वाईएसआरसीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹757 करोड़
8. वी. प्रशांति रेड्डी (टीडीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹716 करोड़
9. जयंतीभाई सोमाभाई पटेल (भाजपा, गुजरात) – ₹661 करोड़
10. सुरेशा बी.एस. (कांग्रेस, कर्नाटक) – ₹648 करोड़
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट के अनुसार, आंध्र प्रदेश सबसे अधिक धनवान विधायकों की सूची में शीर्ष पर है, जहां के चार विधायक भारत के शीर्ष 10 सबसे धनी विधायकों में शामिल हैं और सात विधायक टॉप 20 में शामिल हैं.
किस पार्टी के नेता सबसे अमीर
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में विधायकों के बीच सबसे अधिक कुल संपत्ति भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पास है, जिसके 1,653 विधायकों ने ₹26,270 करोड़ की संयुक्त संपत्ति घोषित की है, जो प्रति विधायक औसतन ₹15.89 करोड़ है. दूसरे नंबर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) है, जिसके 646 विधायकों के पास कुल ₹17,357 करोड़ की संपत्ति है, जो प्रति विधायक औसतन ₹26.86 करोड़ है. तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के पास केवल 134 विधायक होने के बावजूद, कुल संपत्ति में ₹9,108 करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर है, जिसमें प्रति विधायक औसत ₹67.97 करोड़ है.
