ADR Report: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से भाजपा के पराग शाह (Parag Shah) भारत के सबसे अमीर विधायक हैं, जिनकी संपत्ति लगभग 3,400 करोड़ रुपये है. उनके बाद कर्नाटक के कनकपुरा से विधायक कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार हैं, जिनकी संपत्ति 1,413 करोड़ रुपये से अधिक है.
एडीआर की रिपोर्ट विधायकों द्वारा अपने हालिया चुनाव लड़ने से पहले दिखाए गए स्व-शपथ पत्रों के विश्लेषण पर आधारित है. अध्ययन में 28 राज्य विधानसभाओं और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के 4,092 विधायकों को शामिल किया गया. इसमें 24 ऐसे विधायकों को शामिल नहीं किया गया है जिनके हलफनामे पढ़े नहीं जा सके और सात खाली विधानसभा सीटें शामिल नहीं हैं.
संपत्ति के मामले में सबसे निचले पायदान पर पश्चिम बंगाल के सिंधु से भाजपा विधायक निर्मल कुमार धारा हैं (Nirmal Kumar Dhara), जिनकी घोषित संपत्ति मात्र 1,700 रुपये है.
सबसे अमीर विधायकों के आंकड़े:
- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू: 931 करोड़ रुपये
- आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी: 757 करोड़ रुपये
- कर्नाटक के निर्दलीय विधायक केएच पुट्टस्वामी गौड़ा: 1,267 करोड़ रुपये
- कर्नाटक के कांग्रेस विधायक प्रियकृष्ण: 1,156 करोड़ रुपये
- आंध्र प्रदेश के टीडीपी विधायक पी नारायण: 824 करोड़ रुपये
- आंध्र प्रदेश के टीडीपी विधायक वी प्रशांति रेड्डी: 716 करोड़ रुपये
20 सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में आंध्र प्रदेश के 7
शीर्ष 10 सबसे अमीर विधायकों की सूची में अकेले आंध्र प्रदेश के चार विधायक हैं. राज्य के सात विधायक शीर्ष 20 सबसे अमीर विधायकों में भी शामिल हैं, जिनमें आईटी मंत्री नारा लोकेश और हिंदूपुर के विधायक एन. बालकृष्ण शामिल हैं.
राज्यों में विधायकों की कुल संपत्ति में व्यापक अंतर है. कर्नाटक के विधायकों (223 सदस्य) के पास कुल मिलाकर 14,179 करोड़ रुपये हैं, जो देश में सबसे अधिक है. महाराष्ट्र के विधायकों (286 सदस्य) के पास 12,424 करोड़ रुपये की संपत्ति है. आंध्र प्रदेश के विधायकों (174 सदस्य) के पास कुल 11,323 करोड़ रुपये की संपत्ति है.
इसके विपरीत, सबसे कम कुल संपत्ति वाले राज्यों में शामिल हैं:
त्रिपुरा के विधायकों (60 सदस्य) के पास सामूहिक रूप से 90 करोड़ रुपये, मणिपुर के विधायकों (59 सदस्य) के पास 222 करोड़ रुपये, पुडुचेरी के विधायकों (30 सदस्य) के पास 297 करोड़ रुपये हैं.
प्रति विधायक सबसे अधिक औसत संपत्ति इन राज्यों में है:
- आंध्र प्रदेश – 65.07 करोड़ रुपये
- कर्नाटक – 63.58 करोड़ रुपये
- महाराष्ट्र – 43.44 करोड़ रुपये
प्रति विधायक सबसे कम औसत संपत्ति :
- त्रिपुरा – 1.51 करोड़ रुपये
- पश्चिम बंगाल – 2.80 करोड़ रुपये
- केरल – 3.13 करोड़ रुपये
4,092 मौजूदा विधायकों की कुल संपत्ति 73,348 करोड़ रुपये है, जो 2023-24 में नागालैंड (23,086 करोड़ रुपये), त्रिपुरा (26,892 करोड़ रुपये) और मेघालय (22,022 करोड़ रुपये) के संयुक्त वार्षिक बजट से अधिक है.
प्रमुख राजनीतिक दलों में भाजपा विधायकों (1,653 सदस्य) के पास 26,270 करोड़ रुपये हैं, जो सिक्किम, नागालैंड और मेघालय के संयुक्त वार्षिक बजट से अधिक है. कांग्रेस के 646 विधायकों के पास 17,357 करोड़ रुपए की संपत्ति है. टीडीपी के 134 विधायकों के पास 9,108 करोड़ रुपए की संपत्ति है. शिवसेना के 59 विधायकों के पास 1,758 करोड़ रुपए की संपत्ति है. आम आदमी पार्टी के 123 विधायकों के पास औसतन 7.33 करोड़ रुपए की संपत्ति है.
