बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए गुरुवार (6 नवंबर) को पहले फेज में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग जारी है. दोपहर 3 बजे तक 53.77 वोटिंग हुई है. वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी. पहले फेज में कुल 1314 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. मुकाबला BJP की अगुवाई वाले NDA और RJD के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच है. भले ही दोनों गठबंधन बिहार में अपराधमुक्त और गुंडाराज मुक्त सरकार देने का दावा कर रही हो, लेकिन उनके कैंडिडेड पर ही तमाम तरह के केस दर्ज हैं. यहां तक कि दोनों डिप्टी CM पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं.
ADR-बिहार इलेक्शन वॉच की रिपोर्ट के मुताबिक, फर्स्ट फेज की कुल 1314 कैंडिडेट्स में से 27% कैंडिडेट्स गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, CPM के 100%, CPI के 80%, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले के 64%, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 60% और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 56% उम्मीदवारों पर गंभीर मामले दर्ज हैं.
1303 कैंडिडेट्स के एफिडेविट पर आधारित है रिपोर्ट
ADR-बिहार इलेक्शन वॉच की रिपोर्ट 1314 में से 1303 कैंडिडेट्स के एफिडेविट यानी हलफनामे पर आधारित है. 1303 में से 423 यानी 32% उम्मीदवारों ने चुनावी हलफनामे में अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं. वहीं, 354 (27%) उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले हैं. इसके साथ ही 33 उम्मीदवारों पर हत्या, 86 पर हत्या की कोशिश और 42 उम्मीदवारों पर महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े मामले दर्ज हैं. वहीं, 2 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर रेप से जुड़े मामले का भी जिक्र किया है.
किस पार्टी के कितने उम्मीदवार?
पहले फेज में NDA की ओर से JDU ने 57, BJP ने 48, LJP (R)ने 13, उपेंद्र कुशवाहा की RLM ने 2 और जीतन राम मांझी की हम ने 1 सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं. वहीं, महागठबंधन की तरफ से RJD ने 72, कांग्रेस ने 24, CPI ML ने 14, VIP और CPI ने 6-6 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. इसके साथ ही CPM ने 3, आईपी गुप्ता की IPP ने दो सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं. 6 सीटों पर फ्रेंडली फाइट है.
किस पार्टी के कितने पर्सेंट कैंडिडेट्स पर केस?
रिपोर्ट के मुताबिक, जनसुराज पार्टी के 114 में 50 (44%), BSP के 89 मे 18 (20%), RJD के 70 में 53 (76%), JDU के 57 में 22 (39%), BJP के 48 में 31 (65%), आप के 44 में 12 (27%), कांग्रेस के 23 में 15 (65%) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले के 14 में 13 (93%), LJP(R) के 13 में 7 (54%), CPI के 5 में 5 (100%) और CPM के 3 में 3 (100%) उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
कांग्रेस के 52%, JDU के 26% प्रत्याशी पर गंभीर केस
रिपोर्ट के मुताबिक, जनसुराज के 114 में 49 (43%), BSP के 89 में 16 (18%), RJD के 70 में 42 (60%), JDU के 57 में 15 (26%), BJP के 48 में 27 (56%), आप के 44 में 9 (20%), कांग्रेस के 23 में 12 (52%), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले के 14 में 9 (64%), LJP (R) के 13 में 5 (38%), CPI के 5 में से 4 (80%) और CPM के 3 में 3 (100%) उम्मीदवारों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे हैं.
दोनों डिप्टी CM पर क्रिमिनल केस
बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. चौधरी के पास 11.5 करोड़ रुपये की संपत्ति है. CM नीतीश कुमार से 6 गुना ज्यादा. उनके पास 4 लाख रुपये की राइफल और 2 लाख रुपये की रिवॉल्वर है. सम्राट चौधरी पर क्रिमिनल मामले दर्ज हैं. वहीं, बिहार के दूसरे डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से चुनाव लड़ रहे हैं. वह इस सीट से छठी बार चुनावी मैदान में हैं. उनके पास 77181 रुपये की राइफल और रिवॉल्वर है.
फर्स्ट फेज में 40% कैंडिडेट करोड़पति
1303 में 519 उम्मीदवार यानी 40% करोड़पति हैं. इनकी औसत संपत्ति 3.26 करोड़ है. 519 उम्मीदवार सिर्फ 5वीं से लेकर 12वीं तक पास हैं. ये आंकड़ा 40% है. 651 यानी 50% उम्मीदवार ग्रेजुएशन और इससे ज्यादा पढ़े हैं. पहले फेज में कुल उम्मीदवारों में महज 9% महिलाएं हैं.
