Skip to main content
Source
जागरण
Author
Digital Desk
Date
City
Shimla

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एडीआर रिपोर्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि सीएम बनने के बाद उनकी संपत्ति बढ़ी नहीं, बल्कि कम हुई है। उन्होंने नई संपत्ति खरीदने से इनकार किया।

एडीआर रिपोर्ट को लेकर भाजपा के हमलों के बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को तीखा पलटवार किया। उन्होंने अपनी संपत्ति को लेकर उठ रहे सवालों को भी सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सीएम बनने के बाद उनकी संपत्ति बढ़ी नहीं, बल्कि कम हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पिछले करीब 40 वर्षों से अपनी संपत्ति का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक कर रहे हैं।

नई संपत्ति नहीं खरीदी, जमीन की कीमत बढ़ी

मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी। जिस जमीन का जिक्र किया जा रहा है, वह पहले से उनकी थी और समय के साथ उसकी बाजार कीमत बढ़ी है। उसी जमीन पर मकान बनने से संपत्ति का मूल्यांकन बढ़ा है, लेकिन इसे नई संपत्ति बताकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

एडीआर रिपोर्ट पर सवाल

सुक्खू ने एडीआर रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में उनकी शैक्षणिक योग्यता भी सही तरीके से दर्ज नहीं की गई है। उनकी एमए और एलएलबी की डिग्रियों का उल्लेख तक नहीं किया गया, जबकि यह जानकारी पहले से सार्वजनिक है।

ईडी व सीबीआई से जांच करवा लें

मुख्यमंत्री ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी को उनकी संपत्ति पर संदेह है तो ईडी और सीबीआई से जांच करा ली जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने मेहनत और ईमानदारी से कमाई की है और किसी भी जांच से उन्हें कोई डर नहीं है।


abc